'पंजाब ड्रग पॉलिसी 2021 में संशोधन करेगी सरकार, 1 हफ्ते में जारी होगा नोटिफिकेशन' - Amritsar News
.
पंजाब केमिस्ट एसोसिएशन के प्रधान सुरिंदर दुग्गल की अध्यक्षता में एसोसिएशन के शिष्टमंडल ने मांगों के समर्थन में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह के साथ बैठक की। बैठक के दौरान शिष्टमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह और पंजाब स्वास्थ्य विभाग के मुख्य सचिव कुमार राहुल को ज्ञापन भी सौंपा। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि सरकार ने पंजाब ड्रग पॉलिसी 2021 में संशोधन करने का फैसला लिया है। इस संदर्भ में अगले एक हफ्ते के भीतर नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा।
डॉ. बलबीर सिंह ने प्रधान सुरिंदर दुग्गल व अन्य पदाधिकारियों को आश्वासन दिया कि जिन फार्मासिस्टों का रजिस्ट्रेशन पहले रिन्यू हो चुका है, उन पर रिन्यूअल व हेल्थकेयर प्रोफेशनल रजिस्ट्रेशन पोर्टल को फार्मेसी काउंसिल तथा ड्रग विभाग के समन्वय के बाद ही लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन में आ रही तकनीकी खामियों को दूर करने के बाद ही इसे केमिस्टों पर लागू किया जाएगा।
डॉ. बलबीर सिंह ने केमिस्टों की जन औषधि दवा दुकानों की नियमित जांच करने की मांग को स्वीकार करते हुए कहा कि न सिर्फ रेगुलर चेकिंग होगी, बल्कि इस संबंध में विभाग द्वारा केमिस्टों को समय-समय पर सूचित भी किया जाएगा। ऑनलाइन नेशनल ड्रग लाइसेंसिंग सिस्टम पोर्टल की कमियां दूर होने तक इसे स्थगित रखने का प्रयास किया जाएगा। केंद्र सरकार से इन खामियों को दूर करवाने के बाद ही इसे केमिस्टों पर लागू किया जाएगा। इसके लिए पंजाब सरकार खुद केंद्र सरकार से बातचीत करेगी।
एसोसिएशन के प्रधान सुरिंदर दुग्गल ने स्वास्थ्य मंत्री को सौंपे ज्ञापन में मांग की कि अवैध रूप से ऑनलाइन काम कर रही कंपनियों पर ड्रग विभाग निगरानी रखे और चेकिंग अभियान शुरू करे। उन्होंने आरोप लगाया कि इन कंपनियों द्वारा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से राज्य में धड़ल्ले से अवैध व एक्सपायर दवाइयां बेची जा रही हैं, जिस पर तुरंत अंकुश लगना चाहिए।
इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने संबंधित मुख्य सचिव कुमार राहुल को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इस मौके पर एसोसिएशन के महासचिव जी.एस. चावला, अमनदीप सिंह, सुदर्शन चौधरी, राजीव जैन, जगतारण सिंह आदि पदाधिकारी मौजूद थे। वहीं, बैठक में ड्रग विभाग की ओर से जॉइंट कमिश्नर संजीव गर्ग, गुरविंदर सिंह और अमित दुग्गल भी उपस्थित रहे।