यूक्रेन: जुलाई में हताहत आम नागरिकों की संख्या, मार्च 2022 के बाद सबसे अधिक

यूक्रेन: जुलाई में हताहत आम नागरिकों की संख्या, मार्च 2022 के बाद सबसे अधिक

जाँचकर्ताओं ने पुष्टि की है कि जुलाई में कम से कम 437 आम नागरिक मारे गए और 2,610 घायल हुए. इस वर्ष किसी एक महीने में नागरिक हताहतों की यह सबसे अधिक संख्या है, जो जून की तुलना में 30 प्रतिशत और जुलाई 2025 की तुलना में 70 प्रतिशत अधिक है.

यूक्रेन पर रूस के पूर्ण पैमाने के आक्रमण का अब पाँचवाँ वर्ष चल रहा है, और कूटनैतिक समाधान के कोई संकेत नज़र नहीं आ रहे हैं.

जाँचकर्ताओं के अनुसार, जुलाई में बच्चों के हताहत होने की संख्या भी अप्रैल 2022 के बाद सबसे अधिक रही. हालाँकि, अभी सभी मामलों की पुष्टि नहीं हुई है, इसलिए वास्तविक संख्या इससे अधिक हो सकती है.

बढ़ता आँकड़ा

यूक्रेन में संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार निगरानी मिशन (HRMMU) की प्रमुख डैनिएल बेल ने कहा, “इस वर्ष हर महीने मारे गए और घायल हुए आम नागरिकों की संख्या लगातार बढ़ी है. जुलाई में यह बढ़ोत्तरी और तेज़ हो गई. मार्च 2022 के बाद किसी एक महीने में नागरिक हताहतों की यह सबसे अधिक संख्या है.”

2026 के पहले सात महीनों में संघर्ष से जुड़ी हिंसा में कुल 12,477 आम नागरिक हताहत हुए. इनमें 1,830 लोग मारे गए और 10,638 घायल हुए.

यह आँकड़ा 2025 की इसी अवधि की तुलना में 44 प्रतिशत अधिक है, जब 1,434 लोग मारे गए और 7,216 घायल हुए थे. वहीं, 2024 की इसी अवधि के मुक़ाबले यह संख्या दोगुने से भी अधिक है, जब 1,188 लोग मारे गए और 4,560 घायल हुए थे.

कीव पर भीषण हमले

जुलाई में यूक्रेन की राजधानी कीव सबसे अधिक प्रभावित शहरों में रही. रूसी बलों ने बैलिस्टिक और क्रूज़ मिसाइलों का इस्तेमाल काफ़ी बढ़ा दिया, जिससे कम से कम 54 आम नागरिक मारे गए और 202 घायल हुए.

रूस ने जुलाई में कम से कम 429 मिसाइलें दागीं, जो जून की तुलना में दोगुने से भी अधिक थीं. इनमें से कई मिसाइलों ने कीव को निशाना बनाया.

महीने का सबसे घातक हमला 2 जुलाई को हुआ, जब रूसी बलों ने 74 मिसाइलें और लगभग 500 लम्बी दूरी के ड्रोन दागे. इन हमलों में मुख्य रूप से कीव शहर को निशाना बनाया गया और कम से कम 30 आम नागरिक मारे गए, जबकि 104 घायल हुए.

घातक मिसाइलें और ड्रोन

जुलाई में लम्बी दूरी की मिसाइलें और ड्रोन, आम नागरिक हताहतों का सबसे बड़ा कारण बने. कुल हताहतों में इनकी हिस्सेदारी 38 प्रतिशत रही. इन हमलों में 183 लोग मारे गए और 967 घायल हुए.

हवाई बमबारी से हताहतों की संख्या जून 2026 की तुलना में 143 प्रतिशत बढ़ी. जुलाई में ऐसे हमलों में 105 लोग मारे गए और 753 घायल हुए, जबकि जून में 45 लोग मारे गए थे और 308 घायल हुए थे. ग्लाइड बम नागरिक हताहतों का दूसरा सबसे बड़ा कारण बने.

अग्रिम मोर्चे के पास कम दूरी के ड्रोन हमलों में 111 आम नागरिक मारे गए और 710 घायल हुए. कुल नागरिक हताहतों में इन हमलों की हिस्सेदारी 27 प्रतिशत रही.

यूएन निगरानीकर्ताओं के अनुसार, जुलाई में कुछ बड़े और घातक हमलों के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में रोज़ाना होने वाले छोटे हमलों ने भी नागरिक हताहतों की संख्या बढ़ाई.

HRMMU प्रमुख डैनिएल बेल ने कहा, “शहरी इलाक़ों में मिसाइलों और ड्रोन का बढ़ता इस्तेमाल, अग्रिम मोर्चे के नज़दीक शहरों में ग्लाइड बम और कम दूरी के ड्रोन, आम नागरिकों के लिए ख़तरा बढ़ा रहे हैं.”

उन्होंने कहा, “इन हमलों से यूक्रेन के विभिन्न क्षेत्रों में हताहत नागरिकों की संख्या बढ़ रही है.”

रूस में भी आम नागरिक हताहत

HRMMU ने बताया कि जुलाई में रूस में भी हताहत आम नागरिकों की संख्या बढ़ी. अधिकारियों के अनुसार, इस दौरान 79 आम नागरिक मारे गए और 601 घायल हुए.

हालाँकि, वहाँ पहुँच न होने और सीमित जानकारी के कारण यूएन निगरानीकर्ता इन आँकड़ों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सके.

24 फ़रवरी 2022 को यूक्रेन में युद्ध शुरू होने के बाद से, संयुक्त राष्ट्र ने कम से कम 16,874 आम नागरिकों के मारे जाने और 51,173 के घायल होने की पुष्टि की है. मृतकों में 820 और घायलों में 3,126 बच्चे शामिल हैं.