एशिया कप 2026 के लिए हुआ भारतीय महिला टीम का ऐलान, इस स्टार खिलाड़ी को मिली स्क्वाड में जगह

Women's Asia Cup 2026: महिला एशिया कप 2026 के लिए बीसीसीआई ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के स्क्वाड का ऐलान कर दिया है. सेलेक्टर्स ने इस टूर्नामेंट के लिए लगभग वहीं टीम चुना है जो अगले महीने एशियन गेम्स में खेलने उतरेंगे. ऐतिहासिक लॉर्ड्स टेस्ट में शानदार शतक लगाने वाली यास्तिका भाटिया को टीम में जगह नहीं मिली है. उनकी जगह 18 साल की युवा खिलाड़ी जी. कमलिनी को टीम में शामिल किया गया है. वहीं प्रेमा रावत को फिर से टीम में मौका मिला है, जिन्होंने श्रेयांका पाटिल के चोटिल होने के बाद महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उन्हें रिप्लेस किया था.

भारतीय महिला क्रिकेट टीम हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में एशिया कप खेलने उतरेगी. वहीं एक बार से उपकप्तानी की जिम्मेदारी स्मृति मंधाना को दी गई है. सलामी बल्लेबाज शैफाली वर्मा को भी टीम में जगह मिली है. जबकि मीडिल ऑर्डर की अनुभवी बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स को भी टीम में शामिल किया गया है. वहीं टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को भी टीम में मौका मिला है. 

श्रेयांका पाटिल को एशिया कप के लिए नहीं मिली टीम में जगह

महिला एशिया कप 2026 के लिए टीम इंडिया के स्क्वाड में श्रेयांका पाटिल को शामिल नहीं किया गया है. इसका मतलब है कि वह अपनी टखने की चोट से अभी तक पूरी तरह से उबर नहीं पाई हैं. वह इंजरी की वजह से टी20 वर्ल्ड कप से भी बाहर हो गई थीं. उनकी जगह 24 साल की ऑलराउंडर प्रेमा रावत को टी20 वर्ल्ड कप टीम में शामिल किया गया था. अब एशिया कप में भी प्रेमा रावत को मौका मिला है. हालांकि, 30 जून को एशियन गेम्स के लिए जब टीम इंडिया का ऐलान किया गया तो उसमें श्रेयांका पाटिल को टीम में शामिल किया गया था, लेकिन उनका सिलेक्शन फिटनेस के अधीन हुआ था.

India announce their squad for the Women's Asia Cup 2026 🇮🇳

Prema Rawat retains her place after replacing the injured Shreyanka Patil at the T20 World Cup, while Yastika Bhatia misses out once again pic.twitter.com/YzDHnMMPpv

— Cricinfo (@cricinfo) August 2, 2026

प्रेमा रावत को वर्ल्ड कप में सिर्फ एक मैच में खेलने का मिला मौका

प्रेमा रावत को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सिर्फ एक ही मैच खेलने का मौका मिला था. साउथ अफ्रीका के खिलाफ ग्रुप स्टेज के मैच में प्रेमा रावत ने खेला था. इस मैच में उन्होंने 2 गेंद पर 3 रन बनाए थे. जबकि गेंदबाजी करते हुए अपने 2 ओवर में बिना विकेट के लिए 21 रन दिए थे. अब देखने वाली बात होगी कि एशिया कप में प्रेमा को प्लेइंग 11 में मौका मिलता है तो उनका प्रदर्शन कैसा रहता है.

कब से होगी एशिया कप 2026 की शुरुआत?

महिला एशिया कप 2026 के शेड्यूल का ऐलान अभी तक नहीं हुआ है, लेकिन माना जा रहा है कि एशिया कप अगस्त के आखिर में शुरू होगा और मीड सितंबर तक खेला जाएगा. इसके ठीक बाद 17 से 22 सितंबर के दौरान जापान में एशियन गेम्स का आयोजन किया जाएगा, जहां भारत की महिला और पुरुष दोनों टीमें हिस्सा लेंगी. 

पिछली बार महिला एशिया कप 2024 के फाइनल में भारतीय टीम को फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था. इस बार टीम इंडिया खिताब को अपने नाम करना चाहेगी. 

एशिया कप 2026 के लिए भारतीय महिला टीम का स्क्वॉड

हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी कमलिनी (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, राधा यादव, प्रेमा रावत, अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह, एन श्री चरणी, नंदनी शर्मा.

रिजर्व: प्रतीका रावल, उमा छेत्री (विकेटकीपर), वैष्णवी शर्मा, सयाली सतघरे, मिन्नू मणि

यह भी पढ़ें:  'टीम इंडिया में वापसी मेरा लक्ष्य नहीं, जहां हूं, वहां खुश हूं...', ODI वर्ल्ड कप 2027 खेलने पर भुवनेश्वर कुमार ने तोड़ी चुप्पी