अग्निवीर भर्ती 2026 : रोहतक में 20 जुलाई से होगी सेना में भर्ती, डाउनलोड होने लगे एडमिट कार्ड, इन जिलों के युवाओं के लिए अवसर  - Haribhoomi

20 से 27 जुलाई तक राजीव गांधी खेल परिसर में होगी भर्ती। इस शारीरिक दक्षता रैली में केवल वही अभ्यर्थी हिस्सा ले सकेंगे, जिन्होंने पहले चरण की ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा पास की है।

 Agniveer Bharti 2026

रोहतक में 20 जुलाई से शुरू होगी सेना में भर्ती।

  • Published: 14 Jul 2026, 04:49 PM IST
  • Last Updated: 14 Jul 2026, 04:49 PM IST

देश सेवा का जज्बा रखने वाले हरियाणा के युवाओं के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण खबर है। अंबाला मुख्यालय भर्ती (RTG) क्षेत्र के अंतर्गत वर्ष 2027 के सत्र के लिए बहुप्रतीक्षित अग्निवीर भर्ती रैली का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। यह मेगा भर्ती रैली आगामी 20 जुलाई से 27 जुलाई 2026 तक रोहतक के राजीव गांधी खेल परिसर में आयोजित की जाएगी।

जिन अभ्यर्थियों ने इस रैली के लिए आवेदन किया है, वे आज से ही आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना प्रवेश पत्र (Admit Card) डाउनलोड कर सकते हैं।

इन 4 जिलों के पास युवाओं के पास सुनहरा मौका 
रोहतक सेना भर्ती कार्यालय के आधिकारिक प्रवक्ता द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, इस शारीरिक दक्षता परीक्षा और रैली में केवल वही युवा हिस्सा ले सकेंगे, जिन्होंने पहले चरण की ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (CEE) को सफलतापूर्वक पास कर लिया है। यह भर्ती विशेष रूप से सोनीपत, पानीपत, झज्जर और मेजबान जिला रोहतक के शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों के लिए आयोजित की जा रही है।

इन विशेष पदों के लिए पूरे हरियाणा के युवाओं की एंट्री 
राजीव गांधी खेल परिसर में होने वाली इस दौड़ में कुछ विशेष पदों के लिए पूरे राज्य के युवाओं को मौका दिया गया है। केंद्रीय श्रेणी के तहत आने वाले निम्नलिखित पदों के लिए ऑनलाइन परीक्षा पास करने वाले हरियाणा के किसी भी जिले के अभ्यर्थी इस रैली में भाग ले सकते हैं। 
• जूनियर कमीशंड अधिकारी (धार्मिक शिक्षक)
• हवलदार (शिक्षा)
• जूनियर कमीशंड अधिकारी (कैटरिंग)
• हवलदार (सर्वे ऑटो कार्टो) 

नियमों का पालन बेहद जरूरी, साथ लाएं ये चीजें 
सेना ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और कड़ा बनाने के निर्देश दिए हैं। मैदान पर उतरने वाले सभी अभ्यर्थियों को अपने साथ सभी जरूरी मूल दस्तावेज (Original Documents) और उनके प्रमाण-पत्र लेकर पहुंचना अनिवार्य होगा।
इसके साथ ही, सेना ने सख्त हिदायत दी है कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार के नशीले या प्रतिबंधित पदार्थों का सेवन पूरी तरह वर्जित है। यदि कोई भी अभ्यर्थी नशीली दवाओं का इस्तेमाल करते हुए या उन्हें अपने पास रखते हुए पकड़ा जाता है, तो उसे तुरंत प्रभाव से अयोग्य (Disqualify) घोषित कर दिया जाएगा। युवाओं की मदद के लिए सेना ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं, जहां से किसी भी समस्या की स्थिति में जानकारी ली जा सकती है।