यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी: अखिलेश यादव की अध्यक्षता में हुई जिला-महानगर अध्यक्षों की बैठक, मांगे गए संभावित प्रत्याशियों के नाम - Up18 News
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपने संगठन को पूरी तरह चुनावी मोड में लाने की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में राजधानी लखनऊ स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की अध्यक्षता में सभी जिला और महानगर अध्यक्षों की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस उच्चस्तरीय बैठक में आगरा महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने भी सक्रिय रूप से सहभागिता की और जिले में पार्टी संगठन को मजबूत करने तथा आगामी चुनाव की रणनीति को लेकर अपना पक्ष रखा।
बैठक के दौरान पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने सभी जिला और महानगर अध्यक्षों को साल 2027 का चुनाव पूरी ताकत, अनुशासन और मजबूत संगठनात्मक एकजुटता के साथ लड़ने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने सत्तारूढ़ बीजेपी की चुनावी रणनीतियों से पूरी तरह सतर्क रहने और मतदाता सूची (वोटर लिस्ट) पर विशेष निगरानी रखने पर विशेष जोर दिया।
पीडीए परिवार को मजबूत करने पर फोकस
पार्टी नेतृत्व ने ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) परिवार को और अधिक मजबूत करने को अपनी मुख्य चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा बताया। बैठक में सामाजिक न्याय की सरकार बनाने के मुख्य लक्ष्य के साथ बूथ और संगठन स्तर पर तैयारियों को और तेज करने पर व्यापक चर्चा की गई।
इतना ही नहीं, 2027 के चुनावों की तैयारियों को अमलीजामा पहनाने के लिए संगठन स्तर से संभावित विधानसभा प्रत्याशियों के नाम भी मांगे गए हैं, जिससे यह संकेत मिलता है कि पार्टी अब जमीनी स्तर पर उम्मीदवारों की पहचान और चुनावी तैयारियों को तेजी से आगे बढ़ा रही है।
आगरा में संगठन को और किया जाएगा मजबूत: शब्बीर अब्बास
बैठक में आगरा का पक्ष रखते हुए महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने आश्वस्त किया कि आगरा जनपद में संगठन को हर स्तर पर और अधिक मजबूत किया जाएगा। राष्ट्रीय नेतृत्व के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जमीनी कार्यकर्ताओं को पूरी तरह सक्रिय किया जाएगा, आम जनता के बीच पार्टी की पहुंच को बढ़ाया जाएगा और वर्ष 2027 में बदलाव का संदेश घर-घर तक पहुंचाया जाएगा।
गौरतलब है कि यह महत्वपूर्ण बैठक समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, 19 विक्रमादित्य मार्ग, लखनऊ में संपन्न हुई। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल सहित उत्तर प्रदेश भर से आए तमाम जिलों के जिला और महानगर अध्यक्ष मौजूद रहे।