2028 नेशनल गेम्स की मेजबानी कर सकता है छत्तीसगढ़ : IOA की बैठक में डॉ. विक्रम सिसोदिया ने सौंपा CM साय का पत्र - Haribhoomi

छत्तीसगढ़ ने 2028 के 40वें नेशनल गेम्स की मेजबानी के लिए दावेदारी पेश की। डॉ. विक्रम सिसोदिया ने IOA अध्यक्ष पीटी उषा को CM साय का पत्र सौंपा।

Dr. Vikram Sisodia handed over CM Sai's letter at the IOA meeting.

IOA बैठक में डॉ. विक्रम सिसोदिया ने सौंपा CM साय का पत्र 

  • Published: 08 Sep 2026, 04:55 PM IST
  • Last Updated: 08 Sep 2026, 04:55 PM IST

रायपुर। छत्तीसगढ़ ने वर्ष 2028 में होने वाले 40वें नेशनल गेम्स की मेजबानी हासिल करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मंगलवार को नई दिल्ली में भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की विशेष आम सभा की बैठक आयोजित हुई, जिसमें छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. विक्रम सिंह सिसोदिया ने प्रदेश की ओर से मेजबानी का प्रस्ताव रखा।

बैठक के दौरान डॉ. सिसोदिया ने IOA अध्यक्ष पी.टी. उषा को मुख्यमंत्री एवं छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष विष्णुदेव साय का पत्र सौंपा। पत्र में 39वें नेशनल गेम्स के आयोजन के बाद फरवरी 2028 में 40वें नेशनल गेम्स छत्तीसगढ़ में आयोजित करने का अनुरोध किया गया है।

खेल सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा
डॉ. विक्रम सिंह सिसोदिया ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में खेलों और खिलाड़ियों के लिए लगातार काम किया जा रहा है। यदि छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी मिलती है, तो इससे राज्य की मौजूदा खेल सुविधाओं को और बेहतर करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि नेशनल गेम्स जैसे बड़े आयोजन से प्रदेश में खेल गतिविधियों का विस्तार होगा और स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच मिलेगा।

IOA संविधान में बदलाव पर भी हुई चर्चा
भारतीय ओलंपिक संघ की विशेष आम सभा की बैठक में केवल नेशनल गेम्स की मेजबानी ही मुद्दा नहीं रही। बैठक का एक प्रमुख एजेंडा राष्ट्रीय खेल शासन अधिनियम 2025 (NSGA 2025) के अनुरूप IOA के संविधान में जरूरी संशोधनों को मंजूरी देना भी था। इस बैठक में देश के विभिन्न हिस्सों से जुड़े खेल संगठनों और खेल प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

‘मेजबानी मिली तो पूरी तरह तैयार है छत्तीसगढ़’
छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ. सिसोदिया ने कहा कि प्रदेश 40वें नेशनल गेम्स 2028 की मेजबानी के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि राज्य में विभिन्न खेलों के लिए आवश्यक अधोसंरचना मौजूद है और सरकार के प्रयासों से स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यदि छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी मिलती है, तो यह प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि साबित होगी। साथ ही इससे राज्य में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और छत्तीसगढ़ के खेल जगत को नई पहचान मिल सकती है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)