'माओवाद की तर्ज पर 2029 तक देश को ड्रग्स से करेंगे मुक्त', गृह मंत्री अमित शाह का बड़ा एलान - we will make the country drug free by 2029 like maoism says amit shah
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घोषणा की है कि केंद्र सरकार ने 2029 तक भारत को ड्रग्स मुक्त बनाने का रोडमैप तैयार किया है।

2029 तक भारत को ड्रग्स मुक्त बनाएगी सरकार
HighLights
गृह मंत्री अमित शाह ने 2029 तक ड्रग्स मुक्त भारत का लक्ष्य।
मादक पदार्थ व्यापार आतंकवाद को बढ़ावा देता, पीढ़ियां बर्बाद।
समन्वित राष्ट्रव्यापी रणनीति, चार-स्तंभों पर आधारित रोडमैप।
पीटीआई, पणजी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि केंद्र सरकार ने 2029 तक भारत को ड्रग्स से मुक्त बनाने का रोडमैप तैयार किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार 2047 तक विकसित भारत का सपना साकार करने के लिए देश को ड्रग्स से मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, ठीक वैसे ही जैसे उसने माओवाद और आतंकवाद की समस्या को खत्म किया है।
शाह ने कहा कि मादक पदार्थों का व्यापार एक ऐसा अपराध है जो भविष्य की पीढ़ियों को बर्बाद कर देता है। इसके अलावा इससे अर्जित काले धन का इस्तेमाल आतंकवाद को बढ़ावा देने में किया जाता है, जिससे कई देशों में नार्को-टेरर माड्यूल पनपते हैं। यह एक ऐसी समस्या है जो आज पूरी दुनिया के लिए मुसीबत बनी हुई है।
मादक पदार्थों पर उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करने के बाद प्रेसवार्ता में शाह ने कहा कि केंद्र ने 2029 तक 'ड्रग्स से मुक्त भारत' के लक्ष्य के तहत मादक पदार्थों की तस्करी और वित्तपोषण से लेकर पुनर्वास तक, मादक पदार्थों के पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए एक समन्वित व राष्ट्रव्यापी रणनीति अपनाई है।
सरकार का तीन वर्ष का रोडमैप चार स्तंभों पर आधारित है। इन स्तंभों में खुफिया जानकारी व आपरेशन-आधारित कार्रवाई, सिंथेटिक ड्रग्स पर नियंत्रण, मांग व नुकसान कम करना और क्षमता व तालमेल बनाना शामिल है।
उन्होंने कहा, 2014 से पहले मादक पदार्थों के विरुद्ध लड़ाई मुख्य रूप से छोटी इकाइयों और अलग-थलग लड़ी जाती थी। एजेंसियां अक्सर छोटे-मोटे आरोपितों को पकड़कर संतुष्ट हो जाती थीं। हमारी सरकार इस लड़ाई को राष्ट्रीय सुरक्षा की प्राथमिकता बना रही है।
ड्रग्स की समस्या के विरुद्ध समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए 2019 में कार्यपालिका, राज्य और जिला स्तरों पर चार-स्तरीय नेशनल कोआर्डिनेशनल कमेटी फार काउंटरिंग ड्रग्स ट्रैफिकिंग (एनसीओआरडी) तंत्र बनाया गया था।
शाह ने कहा, सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में समर्पित एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन किया गया है और स्थानीय पुलिस को राष्ट्रीय रणनीति से जोड़ा गया है।
उन्होंने कहा कि 2019 में एक संयुक्त समन्वय समिति भी बनाई गई थी ताकि केंद्रीय एजेंसियां और राज्य सरकारें बड़े ड्रग्स नेटवर्क, उनके अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन और आपरेशनल कमियों के विरुद्ध संयुक्त फैसले ले सकें। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को भी मजबूत किया गया है।
दिल्ली में इमारत गिरने के कारण छोटा किया उद्घाटन समारोह
अमित शाह ने गोवा में भाजपा के नए राज्य मुख्यालय का उद्घाटन किया। इसी दौरान गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने घोषणा की कि दिल्ली में इमारत गिरने की घटना के कारण समारोह को छोटा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शाह (जो कार्यक्रम स्थल से जा चुके थे) ने नए भवन के उद्घाटन पर पार्टी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी हैं।