पाकिस्तान क्रिकेट का सबसे बुरा दौर, 21वीं सदी में 9 बार हुए शर्मसार, आंकड़े देखकर रह जाएंगे हैरान

टेस्ट क्रिकेट में पाकिस्तान का बुरा हाल. (फोटो- PTI)
Pakistan Cricket Team: पाकिस्तान क्रिकेट टीम का इंग्लैंड दौरा उम्मीदों के बिल्कुल उलट एक शर्मनाक दौरा साबित हुआ. तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में मेजबान इंग्लैंड ने एकतरफा खेल दिखाते हुए पाकिस्तान को 3-0 से रौंदकर क्लीन स्वीप कर दिया. इस करारी शिकस्त ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि एशियाई उपमहाद्वीप से बाहर, खासकर SENA देशों में पाकिस्तानी टेस्ट टीम की हालत काफी खराब हो चुकी है. पाकिस्तानी टीम विदेशी पिचों पर लगातार हार का सामना कर रही है.
SENA में पिछले 19 टेस्ट का भयावह सच
पाकिस्तान क्रिकेट के आंकड़े SENA देशों में पिछले कुछ सालों में जिस तेजी से गिरे हैं, वह किसी भी टेस्ट खेलने वाले बड़े देश के लिए शर्मनाक है. साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में खेले गए पिछले 19 टेस्ट मैचों में पाकिस्तानी टीम का रिकॉर्ड काफी खराब रहा है. वो इन 19 मैचों में एक भी जीत हासिल नहीं कर सकी है. इस दौरान उसे 17 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है और 2 मैच ड्रॉ पर खत्म हुए हैं. पाकिस्तान को SENA देशों में आखिरी टेस्ट जीत साल 2018 में मिली थी. उसके बाद से 8 साल बीत चुके हैं, लेकिन टीम SENA सरजमीं पर एक टेस्ट मैच जीतने के लिए तरस रही है.
पिछले 8 सालों में एशियाई देशों की स्थिति
अगर पिछले आठ सालों में SENA देशों में एशियाई टीमों के प्रदर्शन की तुलना की जाए, तो पाकिस्तान अपने सभी पड़ोसियों से कोसों पीछे छूट चुका है. इस दौरान भारत ने SENA देशों में सबसे ज्यादा 12 टेस्ट मैच जीते हैं. वहीं, श्रीलंका के नाम 3 जीत दर्ज हैं. बांग्लादेश भी SENA देशों में 2 मुकाबले जीत चुका है, लेकिन इस 8 सालों में पाकिस्तान का SENA देशों में जीत का खाता तक नहीं खुला है.
21वीं सदी में पाकिस्तान का सबसे बुरा हाल
21वीं सदी में टेस्ट क्रिकेट के इतिहास पर नजर डालें, तो किसी टेस्ट सीरीज में 0-3 से क्लीन स्वीप झेलने के मामले में पाकिस्तान दुनिया की नंबर-1 टीम बन गई है. इस सदी में पाकिस्तान 3 मैचों की टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा 9 बार क्लीन स्वीप का सामना कर चुका है. उनके अलावा कोई भी टीम 5 बार से ज्यादा क्लीन स्वीप नहीं हुई है. इस लिस्ट में श्रीलंका 5 बार के साथ दूसरे स्थान पर है. वहीं, न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के साथ 4-4 बार ऐसा हुआ है. लेकिन ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और भारत ने सिर्फ 1-1 बार ही क्लीन स्वीप का सामना किया है.
बाबर आजम की कप्तानी में अनचाहा रिकॉर्ड
इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट इतिहास में पाकिस्तानी कप्तानों का रिकॉर्ड हमेशा से गर्व करने लायक रहा था. बाबर आजम से पहले के सभी पाकिस्तानी कप्तानों ने इंग्लैंड के खिलाफ कुल 27 टेस्ट सीरीज खेली थीं, और हैरानी की बात यह है कि उनमें से एक बार भी पाकिस्तान का व्हाइटवॉश नहीं हुआ था. लेकिन बाबर आजम की कप्तानी में पाकिस्तान को 2 बार इंग्लैंड के खिलाफ क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा है.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More