दलीप ट्रॉफी: क्वार्टर फाइनल में नॉर्थ ईस्ट जोन की करारी हार, ईस्ट जोन ने पारी और 210 रनों से रौंदा

बेंगलुरु, 25 अगस्त (आईएएनएस)। शाहबाज अहमद के शानदार ऑलराउंडर प्रदर्शन की बदौलत ईस्ट जोन ने दलीप ट्रॉफी 2026 के क्वार्टर फाइनल-1 में नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ पारी और 210 रन से जीत हासिल की। अब यह टीम 'सेमीफाइनल-1' में सेंट्रल जोन से भिड़ेगी। यह मुकाबला 30 अगस्त से खेला जाएगा।

बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड 2 पर खेले गए मुकाबले में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी ईस्ट जोन ने अपनी पहली पारी में 467 रन बनाए। इस टीम ने 25 के स्कोर तक दो विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद सुदीप कुमार ने कुमार कुशाग्र के साथ तीसरे विकेट के लिए 92 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 117 रनों तक पहुंचाया।

कुशाग्र 9 चौकों के साथ 55 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद टीम ने 138 के स्कोर तक अपने पांच विकेट गंवा दिए। यहां से शाहबाज अहमद ने सुदीप के साथ छठे विकेट के लिए 150 रन, जबकि अनुकूल रॉय के साथ सातवें विकेट के लिए 103 रन जोड़कर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।

सुदीप 26 बाउंड्री के साथ 146 रन बनाकर आउट हुए, जबकि शाहबाज अहमद 4 छक्कों और 17 चौकों के साथ 167 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इनके अलावा, अनुकूल रॉय ने 37 रन टीम के खाते में जोड़े। विपक्षी खेमे से आकाश चौधरी और फेरोइजम जोतिन को 3-3 विकेट हाथ लगे।

इसके जवाब मे नॉर्थ ईस्ट जोन की पहली पारी सिर्फ 111 रन पर सिमट गई। इस टीम ने 81 के स्कोर तक अपने 5 विकेट खो दिए थे। यहां से कप्तान रोंगसेन जोनाथन (21) ने फेरोइजम जोतिन (11) के साथ छठे विकेट के लिए 25 रन जोड़े। इस टीम ने 111 के स्कोर पर अपने अंतिम चार विकेट गंवाए। विपक्षी खेमे से अभिजीत सरकार ने 20 रन देकर सर्वाधिक 5 विकेट हासिल किए, जबकि शाहबाज अहमद ने 3 सफलताएं हासिल कीं।

ईस्ट जोन के पास पहली पारी के आधार पर 356 रन की बढ़त थी। ऐसे में नॉर्थ ईस्ट को फॉलोऑन खेलने पर मजबूर होना पड़ा और ये टीम दूसरी पारी में सिर्फ 146 रन पर ढेर हो गई।

इस पारी में नॉर्थ ईस्ट जोन के लिए फेरोइजम जोतिन ने सर्वाधिक 39 रन बनाए, जबकि आकाश चौधरी ने 27 रन का योगदान दिया। इनके अलावा आकाश थापा ने 20 रन और किशन लिंगदोह ने 25 रन टीम के खाते में जोड़े। विपक्षी खेमे से अनुकूल रॉय ने 37 रन देकर 5 विकेट निकाले, जबकि वैभव सूर्यवंशी ने 3 ओवरों में 11 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story