गोरा होने की चाह पड़ी भारी, 22 साल के ट्रेनी डॉक्टर की मौत; दवाइयों के ओवरडोज से गई जान!

गोरा होने की चाह पड़ी भारी, 22 साल के ट्रेनी डॉक्टर की मौत; दवाइयों के ओवरडोज से गई जान!

ट्रेनी डॉक्टर आदित्य रावटे (फाइल फोटो).

Amravati News: अमरावती में गोरा होने के लिए दवाइयां ले रहे एक 22 वर्षीय ट्रेनी डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. आशंका है कि गोरा करने वाली दवाइयों की ज्यादा मात्रा लेने से उसकी तबीयत बिगड़ी होगी. हालांकि, मौत की असली वजह अभी साफ नहीं है. मृतक आदित्य रावटे ने हाल ही में नासिक से BAMS की डिग्री पूरी की थी. वह अमरावती के वलगांव पुलिस थाना क्षेत्र के एक गांव में रहता था. पुलिस मामले की जांच कर रही है. विसरा रिपोर्ट का इंतजार है.

कमरे में उल्टा सोया मिला आदित्य

जानकारी के मुताबिक, आदित्य अपने कमरे में सोया हुआ था. परिवार के लोगों ने जब उसे देखा तो वह उल्टा पड़ा था. उसके शरीर में कोई हलचल नहीं थी. उसकी आंखों से खून भी निकल रहा था. घटना के बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई.

ये भी पढ़ें- गुरुग्राम के बाद नागपुर में हिट एंड रन केस, कार सवार महिला ने पहले SUV में टक्कर मारी; फिर 7 को रौंदा

गोरा होने के लिए खुद ले रहा था दवाइयां

पुलिस के मुताबिक, आदित्य अपने रंग को गोरा करने के लिए खुद ही कुछ दवाइयां ले रहा था. वह इन दवाइयों से अपना उपचार कर रहा था. ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि कहीं दवाइयों की ज्यादा मात्रा लेने से उसकी मौत तो नहीं हुई. हालांकि, अभी तक जांच में यह बात साबित नहीं हुई है.

बचपन से मिर्गी की बीमारी भी थी

आदित्य को बचपन से ही मिर्गी यानी एपिलेप्सी की बीमारी थी. इसलिए पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसकी मौत दवाइयों के संभावित ओवरडोज से हुई या फिर मिर्गी की बीमारी के कारण कोई गंभीर स्थिति बनी.

आदित्य के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है. प्राथमिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने सांस रुकने और हार्ट अटैक को मौत का संभावित कारण बताया है. हालांकि, इसे अभी मौत का अंतिम कारण नहीं माना गया है. पुलिस को विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विसरा जांच की रिपोर्ट का इंतजार है.

रिपोर्ट आने के बाद साफ होगी मौत की वजह

पुलिस निरीक्षक रीता उईके के मुताबिक, फिलहाल मामले की जांच जारी है. आदित्य की मौत गोरा होने वाली दवाइयों के ओवरडोज से हुई या मिर्गी की बीमारी के कारण, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा. विसरा और विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी.

शुभम पांडे

शुभम पांडे

google button