रायपुर में प्लेटफॉर्म पर कार्रवाई के दावे: 2268 कार्रवाई फिर भी अवैध वेंडर बेखौफ ट्रेनों में बेच रहे चाय-पानी, समोसा और गुटखा - Raipur News
रायपुर38 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

रायपुर रेल मंडल में पिछले नौ महीनों में अनधिकृत वेंडिंग के 2268 मामलों में कार्रवाई हुई, फिर भी ट्रेनों में अवैध बिक्री जारी है। रविवार को दैनिक भास्कर की पड़ताल में रायपुर स्टेशन पर लगातार दो ट्रेनों के स्लीपर कोच में अनधिकृत वेंडर मिले। इनमें प्रतिबंधित ब्रांड का पानी भी बेचा जा रहा था।
कार्रवाई के बाद भी वेंडरों का कोच तक पहुंचना रेलवे और आरपीएफ की निगरानी पर सवाल खड़े कर रहा है। खास बात यह है कि स्टेशन पर रेल मंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं। रायपुर रेल मंडल में 15 सितंबर तक अनधिकृत वेंडिंग के 2268 मामलों में कार्रवाई हो चुकी है।
इसके लिए विशेष अभियान भी चलाए गए। इसके बावजूद रविवार की पड़ताल में वेंडर कोच के भीतर सामान बेचते मिले। ऐसे में कार्रवाई के बाद दोबारा ट्रेन तक उनकी पहुंच रोकने की व्यवस्था पर सवाल है।
कोच में बिक रहा प्रतिबंधित पानी, अवैध वेंडर बेच रहे चना रविवार दोपहर करीब 1.30 बजे आजाद हिंद एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर-1 पर पहुंची। भास्कर टीम एस-1 कोच में गई तो एक अनधिकृत वेंडर प्रतिबंधित ब्रांड का पानी बेचता मिला। पूछने पर उसने दावा किया कि वह पेंट्रीकार कर्मचारियों के कहने पर पानी बेच रहा है।
ट्रेन रवाना होने के कुछ देर बाद इसी प्लेटफार्म पर दूसरी ट्रेन पहुंची। उसके स्लीपर कोच में एक वेंडर चना बेच रहा था। सवाल है कि बिना अनुमति वेंडर ट्रेन तक कैसे पहुंच रहे हैं और प्रतिबंधित पानी कहां से आ रहा है? हालांकि रेलवे लगातार कार्रवाई कर रही है।
ऐसे बेचना बैन, फिर भी हर ट्रेनों में बेच रहे वेंडर
प्रतिबंधित पानी की बोतलें भी धड़ल्ले से बिक रहे
यात्री ध्यान दें... ऐसे पहचानें वेंडर, यहां करें शिकायत
ट्रेन में घूमकर सामान बेचने वालों में यात्री के लिए अधिकृत और अनधिकृत वेंडर की पहचान करना आसान नहीं है। अनधिकृत वेंडिंग में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने की शिकायतें भी सामने आती हैं। रेलवे के अनुसार यात्री गड़बड़ी की शिकायत रेल मदद, 139, टिकट चेकिंग स्टाफ या आरपीएफ से कर सकते हैं। यात्रियों को अधिकृत स्टॉल, काउंटर या लाइसेंसधारी वेंडर से सामान खरीदने की सलाह दी गई है।
अतिरिक्त टीम करेगी कार्रवाई अवैध वेंडरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके बावजूद यदि वे ट्रेन में चढ़कर सामान बेच रहे हैं तो अतिरिक्त टीम तैनात कर ऐसे वेंडरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -रमन कुमार, कमांडेंट, रायपुर आरपीएफ
.