230 सिक्योरिटी गार्ड और ऑफिसर की बहाली: मधेपुरा में 13 से 21 अगस्त तक प्रखंडवार शिविर का आयोजन, 40 हजार तक वेतन - Madhepura News

मधेपुरा में युवाओं को रोजगार एवं कौशल विकास से जोड़ने के उद्देश्य से नियोजनालय की ओर से सुरक्षा क्षेत्र में रोजगार का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है।

.

सिक्योरिटी एंड इंटेलिजेंस सर्विस सेवा (इंडिया) लिमिटेड, क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र, पूर्णिया की ओर से सुरक्षा जवान, सुरक्षा सुपरवाइजर, एसआईओ, एसआईटीओ जवान एवं सुरक्षा अधिकारी के कुल 230 रिक्त पदों पर बहाली के लिए प्रखंडवार भर्ती शिविर का आयोजन किया जाएगा।

जिला नियोजन पदाधिकारी लरविन कुमार के अनुसार भर्ती शिविर में इच्छुक अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। निर्धारित कार्यक्रम के तहत 13 अगस्त को संयुक्त श्रम भवन, जिला नियोजनालय मधेपुरा, 14 अगस्त को सिंहेश्वर प्रखंड परिसर, 15 अगस्त को आलमनगर प्रखंड परिसर, 18 अगस्त को बिहारीगंज प्रखंड परिसर, 19 अगस्त को उदाकिशुनगंज प्रखंड परिसर में शिविर आयोजित होगा।

21 अगस्त को प्रखंड परिसर में लगेगा शिविर

वहीं, 20 अगस्त को चौसा प्रखंड परिसर और 21 अगस्त को बिहारीगंज प्रखंड परिसर में शिविर लगाया जाएगा। सभी शिविरों का समय सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित है।

सुरक्षा जवान के 70 पदों के लिए मैट्रिक या नवमी पास अभ्यर्थी पात्र होंगे, जिनका वेतनमान 16 हजार से 30 हजार रुपये तथा ईपीएफ, ईएसआईसी एवं ग्रेच्युटी की सुविधा होगी।

सुरक्षा सुपरवाइजर के 50 पदों के लिए मैट्रिक या 12वीं पास, एसआईओ या एसआईटीओ जवान के 40 पदों के लिए मैट्रिक, 12वीं पास और सीआईएसएफटीओ के 40 पदों के लिए मैट्रिक, 12वीं पास अभ्यर्थियों से आवेदन लिया जाएगा।

सुरक्षा अधिकारी के 30 पदों पर भर्ती

इन पदों का वेतन क्रमश: 17 हजार से 30 हजार, 15 हजार से 27 हजार तथा 15 हजार से 25 हजार रुपये तक निर्धारित है। वहीं सुरक्षा अधिकारी के 30 पदों के लिए स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे। वेतन 33 हजार से 40 हजार रुपये तक निर्धारित किया गया है। सभी पदों पर ईपीएफ, ईएसआईसी एवं ग्रेच्युटी की सुविधा भी दी जाएगी।

भर्ती में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का निबंधन एनसीएस पोर्टल तथा बिहार रोजगार सेवा पोर्टल पर अनिवार्य बताया गया है। शिविर में आने वाले अभ्यर्थियों को आधार कार्ड, वोटर कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट साइज फोटो सहित आवश्यक प्रमाण-पत्र साथ लाने होंगे।

जिला नियोजनालय ने योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि और स्थान पर पहुंचकर इस रोजगार अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। प्रशिक्षण एवं अन्य सामग्री के लिए निर्धारित राशि की जिम्मेदारी अभ्यर्थी एवं नियोजक की होगी।