रथ यात्रा के दौरान लापता हुई युवती, अंत में जंगल में मिला शव; ओडिशा में 24 साल की ब्यूटीशियन की हत्या से सनसनी
![]()
24 वर्षीय ब्यूटीशियन की हत्या से दहला ओडिशा का संबलपुर
Photo :
टाइम्स नाउ डिजिटल
Odisha News: ओडिशा के संबलपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 24 वर्षीय एक युवती, जो पेशे से ब्यूटीशियन थी, की कथित तौर पर अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को जंगल में फेंक दिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर जांच तेज कर दी है।
रथ यात्रा के दौरान हुई लापता
मृतका की पहचान सरिता सा (24) के रूप में हुई है। वह संबलपुर जिले के महुलापाली थाना क्षेत्र के कुसुमी महुलागुड़ा गांव की निवासी थी और कुचिंडा कस्बे के एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी। परिवार के अनुसार, 16 जुलाई को रथ यात्रा के अवसर पर वह कुचिंडा गई थी, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
हत्या कर शव जंगल में फेंका
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस की जांच कुंडापोसी गांव निवासी अनिल प्रुसेठ तक पहुंची। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने सरिता का कार से अपहरण किया, फिर उसकी हत्या कर शव को जामनकीरा थाना क्षेत्र के बड़ारामा जंगल में फेंक दिया।
पोस्टमार्टम के लिए भेज गया शव
आरोपी के बताए गए स्थान पर पहुंची पुलिस टीम ने जंगल से युवती का शव बरामद किया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि हत्या किस तरीके से की गई और घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्य क्या हैं।
प्रारंभिक जांच में क्या सामने आया?
जांच के दौरान पुलिस ने सुंदरगढ़ जिले के रहने वाले अशोक किसान को भी हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसने कथित तौर पर आरोपी और पीड़िता को उस स्थान तक पहुंचाने में मदद की, जहां इस वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि उसकी भूमिका कितनी गंभीर थी, इसका पता पुलिस की आगे की जांच में चलेगा।
कपड़ों समेत कई अहम सबूत जब्त
घटनास्थल से पुलिस ने कपड़ों समेत कई अहम सबूत भी जब्त किए हैं, जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। अधिकारी पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटे हैं और हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
![]()
निलेश द्विवेदीauthor
निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।
और पढ़ें
- Hindi News
- Crime
End of Article