243 km की रेंज के साथ लॉन्च हुआ नया इलेक्ट्रिक स्कूटर, कीमत ₹1.09 लाख
इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदने वालों के लिए Simple ने भारतीय बाजार में अपना नया मॉडल Simple Wave लॉन्च कर दिया है. कंपनी ने इसे खास तौर पर परिवार की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया है. Simple Wave की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹1.09 लाख रखी गई है. कंपनी के इलेक्ट्रिक स्कूटर पोर्टफोलियो में पहले से One S और Ultra मौजूद हैं. अब Wave के आने से कंपनी का फोकस फैमिली सेगमेंट पर भी बढ़ गया है.
Simple का कहना है कि Wave का डिजाइन डॉल्फिन से प्रेरित है. इसी वजह से इसका लुक काफी फ्रेंडली और आकर्षक दिखाई देता है. कंपनी के मुताबिक, इस इलेक्ट्रिक स्कूटर की डिलीवरी 25 सितंबर 2026 से शुरू होने की उम्मीद है.
चार बैटरी विकल्प मिलेंगे
Simple Wave को कंपनी ने अलग-अलग जरूरतों वाले ग्राहकों के लिए चार बैटरी विकल्पों के साथ पेश किया है. इसमें 2.2 kWh, 2.7 kWh, 3.7 kWh और 5 kWh बैटरी पैक शामिल हैं. 2.2 kWh और 2.7 kWh बैटरी में लिथियम आयरन फॉस्फेट (LFP) तकनीक का इस्तेमाल किया गया है. वहीं, 3.7 kWh और 5 kWh बैटरी निकेल कोबाल्ट एल्युमीनियम (NCA) तकनीक के साथ आती हैं. सभी वेरिएंट में Gen 3 बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम दिया गया है. यह बैटरी की स्थिति और चार्ज को बेहतर तरीके से मॉनिटर करने में मदद करता है. फास्ट चार्जिंग की मदद से बैटरी को 0 से 80 प्रतिशत तक सिर्फ 70 मिनट में चार्ज किया जा सकता है.

243 km तक की रेंजSimple Wave में सभी बैटरी विकल्पों के साथ परमानेंट मैग्नेट सिंक्रोनस मोटर (PMSM) दिया गया है. मोटर करीब 8 bhp की पावर देती है और इसमें अच्छा टॉर्क मिलता है. कंपनी के अनुसार, स्कूटर दो लोगों के साथ 20 डिग्री तक की चढ़ाई पर भी चल सकता है. रेंज की बात करें तो 2.2 kWh बैटरी वाला मॉडल 110 km तक चल सकता है. 2.7 kWh बैटरी की रेंज 132 km, 3.7 kWh बैटरी की रेंज 171 km और सबसे बड़ी 5 kWh बैटरी वाला वेरिएंट 243 km IDC रेंज देता है. स्कूटर 0 से 40 kmph की रफ्तार सिर्फ 3.3 सेकंड में पकड़ सकता है. इसके अलग-अलग वेरिएंट में टॉप स्पीड भी अलग है. Wave S की टॉप स्पीड 75 kmph है, जबकि Wave और Wave+ वेरिएंट 90 kmph तक की रफ्तार पकड़ सकते हैं.
70 लीटर का बड़ा बूट स्पेस
Simple Wave की सबसे बड़ी खासियतों में से एक इसका 70 लीटर का बूट स्पेस है. परिवार के इस्तेमाल को ध्यान में रखते हुए इसमें सामान रखने के लिए काफी जगह दी गई है. इसके अलावा फ्रंट स्टोरेज में चार्जिंग पोर्ट भी मिलता है. स्कूटर में 775 mm की सीट हाइट और 175 mm का ग्राउंड क्लीयरेंस दिया गया है. इसकी सीट की लंबाई 920 mm है. इसमें 12-इंच डायमंड-कट अलॉय व्हील मिलते हैं. ब्रेकिंग के लिए आगे 220 mm डिस्क ब्रेक और पीछे ड्रम ब्रेक दिया गया है. साथ में CBS भी मिलता है.

सुरक्षा के लिए कई फीचर्स
Simple Wave में Drop Safe फीचर दिया गया है. अगर स्कूटर गिरने की स्थिति में जाता है तो यह सिस्टम मोटर की पावर काट देता है. इसके अलावा हिल-होल्ड असिस्ट, रिवर्स मोड, क्रॉल मोड और Limp Home मोड जैसे फीचर्स भी मिलते हैं. स्कूटर में HushDrive सिस्टम भी दिया गया है. कंपनी का दावा है कि यह मोटर और चेन से आने वाले शोर और कंपन को कम करता है. इसके लिए रबर-डैम्प्ड स्प्रोकेट, माउंटिंग डैम्पर और नॉइज-डैम्प्ड O-ring चेन का इस्तेमाल किया गया है. कंपनी के मुताबिक, इससे शोर और कंपन में करीब 15 प्रतिशत की कमी आती है.
7-इंच TFT स्क्रीन
Simple Wave में 7-इंच की TFT स्क्रीन दी गई है. इसमें टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, म्यूजिक और कॉल कंट्रोल जैसे फीचर्स मिलते हैं. इसके अलावा Bluetooth कनेक्टिविटी, WhatsApp मैसेज देखने की सुविधा, लाइव लोकेशन शेयरिंग, जियोफेंसिंग और OTA अपडेट भी दिए गए हैं. इसमें DND मोड और Ping My Scooter फीचर भी मिलता है. Incognito Mode की मदद से राइड ट्रैकिंग और लोकेशन शेयरिंग को कुछ समय के लिए बंद किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें- EV अवतार में आई Range Rover SUV, इंडिया में बुकिंग शुरू, चढ़ जाएगी 45 डिग्री का भी पहाड़!

महेंद्र भार्गव
महेंद्र भार्गव एक अनुभवी बिजनेस और ऑटोमोबाइल जर्नलिस्ट हैं, जो 2018 से डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं. वर्तमान में महेंद्र TV9 Bharatvarsh के साथ जुड़े हुए हैं, जहां बिजनेस और ऑटोमोबाइल से जुड़ी लेटेस्ट अपडेट्स, रिव्यू, एक्सक्लूसिव स्टोरीज़ और इन-डेप्थ एनालिसिस पर काम कर रहे हैं. ऑटोमोबाइल और बिजनेस सेगमेंट में 5+ सालों के अनुभव के साथ, Mahendra ने कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया है. महेंद्र नवदुनिया (दैनिक जागरण ग्रुप) अखबार से रिपोर्टर के तौर पर शुरुआत की. आगे ETV Bharat, Dainik Bhaskar, News18 और Zee News में उन्होंने डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में कई भूमिकाओं में काम किया.
Read More