आज आधे राजस्थान में तेज बारिश की चेतावनी: कोटा में अच्छी बरसात के लिए गढ़े भैरूजी को निकाला, अलवर में सड़कें डूबीं; 245 बांध खाली - Jaipur News
मौसम विभाग ने गुरुवार को राजस्थान के 21 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 7 अगस्त से उदयपुर, कोटा और भरतपुर संभाग के क्षेत्रों में भारी बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है। विभाग के अनुसार राज्य में 10 अगस्त तक मानसून सक्रिय र
.
बुधवार (5 अगस्त) को भरतपुर संभाग के अलावा जयपुर संभाग के जिलों में भी 3 इंच तक पानी बरसा। वहीं, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिलों के कुछ इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सबसे ज्यादा बरसात अलवर के गोविंदगढ़ में 72 एमएम (मिलीमीटर) दर्ज की गई। कोटा में अच्छी बरसात के लिए 4 साल बाद गढ़े भैरूजी को निकालने और पूजा की परंपरा निभाई गई।
राजस्थान में इस सीजन में अब तक सामान्य से 17 फीसदी कम बारिश हुई है। राज्य के 245 बांध अब भी खाली हैं।
प्रदेश में बारिश की स्थिति…

मानसून के बड़े अपडेट्स
कहां कितनी हुई बारिश: पिछले 24 घंटों में अलवर, सवाई माधोपुर, करौली, भरतपुर, डीग, दौसा और जयपुर में 72 एमएम तक (मिलीमीटर) बरसात दर्ज हुई। अलवर शहर व आसपास के इलाकों में तेज बारिश से बाजारों की सड़कें डूब गईं। इनके अलावा जयपुर, कोटा, राजसमंद, टोंक, हनुमानगढ़, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, बूंदी और बारां के क्षेत्रों में भी हल्की बारिश हुई।
कल से तेज होगी बारिश:मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन (परिसंचरण तंत्र) उत्तर प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी भागों और उसके आसपास के क्षेत्र के ऊपर बना हुआ है। वहीं, मानसून ट्रफ लाइन अभी श्रीगंगानगर, रोहतक और गया से होकर गुजर रही है। इस सिस्टम के असर से राज्य में अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा।
राज्य में अब भी 245 बांध खाली: राजस्थान में कम बारिश का असर अब बांधों पर भी दिखने लगा है। राज्य में छोटे-बड़े कुल 693 बांध हैं, जिनमें से केवल 15 बांध ही पूरी तरह भर (फुल हो) पाए हैं, जबकि 245 बांध ऐसे हैं जिनमें बिल्कुल भी पानी नहीं है। वहीं, 433 बांध ऐसे हैं, जिनमें आंशिक तौर पर (थोड़ा-बहुत) पानी भरा है।
राजस्थान के मौसम की PHOTOS….

अलवर में बुधवार को तेज बारिश के बाद सड़कें डूब गईं। बारिश के बाद गर्मी-उमस से भी राहत मिली।

कोटा में बुधवार शाम को करीब 20 मिनट तक हुई तेज बारिश से सड़कों पर पानी भर गया।
ये शहर सबसे ज्यादा गर्म


आगे कैसा रहेगा मौसम



बड़े शहरों में कैसा रहा मौसम
जयपुर: राजधानी में बुधवार को कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। उमस और गर्मी रही। अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में जयपुर और आसपास के क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

जयपुर में बुधवार को हल्की बारिश के बीच घने बादल छाए रहे। इस साल राजधानी में कम बारिश हुई है।
जोधपुर: जिले में बुधवार को बारिश नहीं हुई। अधिकतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री अधिक यानी 34.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 1.4 डिग्री बढ़कर 27.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पश्चिमी राजस्थान के इस हिस्से में लोग अब अच्छी बारिश का इंतज़ार कर रहे हैं।

जोधपुर में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहे। बरसात पर ब्रेक के कारण फिर से गर्मी बढ़ गई है।
कोटा: बुधवार शाम करीब 20 मिनट तक झमाझम बारिश हुई। लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली। अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच, कोटा में अच्छी बारिश की कामना के लिए 4 साल बाद एक अनोखी रियासतकालीन परंपरा निभाई गई।

कोटा में पाटनपोल स्थित 'गढ़े भैरूजी' बारिश नहीं होने के कारण पूजा-अर्चना की गई। अच्छी बारिश के लिए चार साल बाद यह परंपरा निभाई गई।
सीकर: जिले में बुधवार को दिनभर गर्मी-उमस रही। सीकर जिले में इस बार मानसून की बारिश औसत से काफी कम दर्ज की गई है। हालांकि, मौसम विभाग का अनुमान है कि 7 अगस्त के बाद सीकर में एक बार फिर बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। बुधवार को अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस रहा।

सीकर में मौसम मिला-जुला रहा, जिले में कहीं बादल छाए रहे तो कहीं धूप खिली।
उदयपुर: लेकसिटी में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहे। बादलों के कारण मौसम सुहावना रहा। अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञ डॉ. आर.एस. देवड़ा के अनुसार, फिलहाल बारिश का दौर थमा हुआ है, लेकिन 7 अगस्त से उदयपुर संभाग में मानसून के फिर सक्रिय होने की संभावना है।

उदयपुर में बादल छाए, लेकिन शाम तक बारिश नहीं हुई। हालांकि, मानसून सीजन में बड़ी संख्या में पर्यटक शहर में पहुंच रहे हैं।
अजमेर: जिले में बुधवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। सुबह के समय शहर के कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हुई। दोपहर में हल्की धूप निकलने से उमस भी रही। अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शत और शाम को 71 प्रतिशत रही। सुबह 8:30 से शाम 5:30 बजे तक अजमेर में 1.0 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई।

अजमेर में बुधवार को रिमझिम बारिश हुई। दोपहर के समय तेज गर्मी और उमस रही।
अलवर: जिले में बुधवार शाम करीब 6 बजे मौसम ने अचानक करवट ली और तेज बारिश हुई। बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस से राहत मिली। मौसम विभाग ने 10 अगस्त तक अलवर जिले में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है।

अलवर में बुधवार को अच्छी बारिश हुई। इस दौरान बाजार में पानी भर गया।