₹25 हजार की नौकरी छोड़ बने ऑटो चालक, अब हर महीने ₹45 हजार बचाकर बच्चों की पढ़ाई पर कर रहे खर्च| Navbharat Live

Updated On: Jul 18, 2026 | 04:48 PM IST

विज्ञापन

सार

Auto Driver Viral Video : एक ऑटो चालक की प्रेरणादायक कहानी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। पहले ₹25 हजार की नौकरी करने वाला यह शख्स अब ऑटो चलाकर हर महीने करीब ₹45 हजार बचाता है।

A former supervisor who left his ₹25,000 job now saves around ₹45,000 a month driving an auto and spends it on his children's education.

वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)

विस्तार

Auto Driver Income : मेहनत और बच्चों के बेहतर भविष्य का सपना किसी भी माता-पिता की सबसे बड़ी ताकत होता है। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसे ही ऑटो चालक की कहानी लोगों का दिल जीत रही है। वायरल वीडियो में बताया गया है कि पहले एक कंपनी में सुपरवाइजर की नौकरी करने वाला यह शख्स अब ऑटो चलाकर पहले से बेहतर कमाई कर रहा है।

खास बात यह है कि वह अपनी बचत का बड़ा हिस्सा अपने तीनों बच्चों की पढ़ाई पर खर्च करता है, ताकि उन्हें वह अवसर मिल सके जो उसे खुद कभी नहीं मिला। यह वीडियो इंस्टाग्राम पर @kaashseakash नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है और इसे लाखों लोग देख चुके हैं।

₹25 हजार की नौकरी छोड़ बना ऑटो चालक

वीडियो में कंटेंट क्रिएटर आकाश गुप्ता ऑटो चालक से उसकी कमाई और काम के बारे में बातचीत करते हैं। चालक बताता है कि वह रोजाना करीब 8 से 9 घंटे ऑटो चलाता है और प्रतिदिन 1,500 से 2,000 रुपये तक की कमाई कर लेता है।

सभी खर्च निकालने के बाद वह हर महीने लगभग ₹45 हजार की बचत कर लेता है। चालक ने बताया कि वह पहले गुरुग्राम की एक कंपनी में सुपरवाइजर था, जहां उसे सिर्फ ₹25 हजार वेतन मिलता था।

अब उसकी दिनचर्या सुबह काम शुरू करने, दोपहर में घर जाकर खाना खाने और आराम करने, फिर शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक दोबारा ऑटो चलाने की है। उसने यह भी बताया कि उसके तीन बच्चे गांव में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं और उनकी अच्छी शिक्षा ही उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

ये खबर भी पढ़ें : दोस्त नहीं मिले तो महिला अकेले निकली कॉफी डेट पर, वीडियो देख लोग बोले- खुद की कंपनी सबसे बेस्ट

हर महीने ₹45 हजार कमा रहा ऑटो चालक

इस वीडियो ने सोशल मीडिया यूजर्स को काफी प्रभावित किया। कई लोगों ने ऑटो चालक की मेहनत, ईमानदारी और अपने बच्चों के प्रति समर्पण की जमकर तारीफ की। एक यूजर ने लिखा, “उसकी जिंदगी तो मुझसे बेहतर है।”

दूसरे ने कहा, “यह सच में प्रेरणादायक है।” वहीं, कई लोगों ने ताली और दिल वाले इमोजी के साथ अपनी प्रतिक्रिया दी। यूजर्स का कहना है कि यह कहानी बताती है कि मेहनत और सही सोच के दम पर कोई भी व्यक्ति अपने परिवार के लिए बेहतर भविष्य बना सकता है।

Follow Navbharatlive whatsapp