Lakshmi Yojana: दिल्ली सरकार ने 'लक्ष्मी योजना' को दी मंजूरी, महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 2500 रुपये

Lakshmi Yojana: दिल्ली सरकार ने 'लक्ष्मी योजना' को दी मंजूरी, महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 2500 रुपये

दिल्ली में 'लक्ष्मी योजना' को मंजूरीImage Credit source: Getty Images

Lakshmi Yojana: दिल्ली सरकार ने ‘लक्ष्मी योजना’ को मंजूरी दे दी है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आज बहुत खुशी का पल है. जिस योजना का दिल्ली की बहनों को वादा किया था, उस लक्ष्मी योजना को आज कैबिनेट में मंजूरी दी गई है. इसके तहत योग्य महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये दिए जाएंगे. दिल्ली कैबिनेट की बैठक के बाद सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि 1 अगस्त को पोर्टल लॉन्च कर दिया जाएगा, जिसके बाद पात्र महिलाएं आवेदन कर सकेंगी और रक्षाबंधन पर उनके खातों में योजना की पहली किस्त भेज दी जाएगी.

दरअसल, ‘लक्ष्मी योजना’ दिल्ली सरकार की महिलाओं के लिए शुरू की गई एक आर्थिक सहायता योजना है. इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की वित्तीय सहायता सीधे उनके बैंक खाते में DBT के माध्यम से भेजी जाएगी. इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनकी वित्तीय स्थिति को मजबूत करना है.

किसे मिलेगा योजना का लाभ?

इस योजना का लाभ उन महिलाओं को मिलेगा, जो दिल्ली की स्थायी निवासी हों और उनका आधार कार्ड हो. इसके अलावा उनका बैंक अकाउंट आधार से लिंक होना चाहिए और साथ ही महिला के परिवार की आय निर्धारित सीमा के भीतर होनी चाहिए. नियमों के तहत, आवेदकों को एक स्व-घोषणा पत्र पेश करना होगा, जिसमें यह बताया गया हो कि वो कम से कम 10 साल से दिल्ली के निवासी हैं और उनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है.

योजना के लिए पात्र महिलाओं की उम्र सीमा 21 साल से 60 साल के बीच होनी चाहिए और उन परिवारों की महिलाएं, जिनकी कुल सालाना आय 2.50 लाख सालाना तक है, वो इस योजना का लाभ ले सकती हैं. जानकारी के मुताबिक, शुरुआत में यह योजना लागू होने की तारीख से 3 साल के लिए चलाई जाएगी.

आवेदन कैसे कर सकते हैं?

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार एक पोर्टल विकसित कर रही है, जिसके माध्यम से रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया आसान होगी. इसके अलावा आईटी विभाग द्वारा इस पोर्टल के साथ-साथ एक अलग सॉफ्टवेयर भी विकसित किया जा रहा है, जिसका उपयोग आवेदनों का सत्यापन करने और सभी पात्र महिलाओं की पहचान करने के लिए किया जाएगा.

ये भी पढ़ें: 1695 रुपए का LPG सिलेंडर ₹942 में क्यों मिल रहा है? सरकार ने बताया पूरा हिसाब

जीतेन्द्र भाटी

जीतेन्द्र भाटी

करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पॉलिटिक्स, क्राइम, सामाजिक और मानवीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग. BAG Films की नर्सरी से IBN7, आज़ाद न्यूज़, प्रज्ञा TV, 4 रियल न्यूज, Focus News और न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया होते हुए देश के सबसे बड़े न्यूज नेटवर्क TV9 भारतवर्ष में खबरों के बीच सफर जारी.

Read More

google button