जगदलपुर में इंद्रावती से गोरिया बहार तक बनेगा ग्रीन कॉरिडोर: 2700 पौधे लगाए, डिप्टी सीएम बोले-नक्सलमुक्त बस्तर में पर्यटन बढ़ा, शहर को हरा-भरा बनाना जरूरी - Jagdalpur News

बस्तर में पर्यटन की बढ़ती संभावनाओं के बीच जगदलपुर को हरित और सुंदर बनाने की पहल शुरू की गई है। गुरुवार को ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत इंद्रावती से गोरिया बहार तक नेशनल हाईवे के डिवाइडर पर 2700 से अधिक पौधे लगाए गए।

.

जनजातीय गौरव वाटिका, कुम्हड़ाकोट के सामने आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल समेत जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि नक्सलमुक्त होने के बाद बस्तर में पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है। जगदलपुर बस्तर के पर्यटन का प्रवेश द्वार है, इसलिए शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुविधापूर्ण बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी ध्यान देना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि इंद्रावती से गोरिया बहार तक 2700 से अधिक पौधों का रोपण आने वाले समय में शहर की तस्वीर बदल सकता है।

पौधे बड़े होने के बाद हाईवे के इस हिस्से को हरित कॉरिडोर का स्वरूप मिलेगा। साव ने महापौर संजय पांडेय के विजन और शहर के विकास के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी।

केदार कश्यप बोले- विकास के साथ पर्यावरण भी जरूरी

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर की पहचान जंगल, प्राकृतिक संपदा और हरियाली से है। इसलिए शहर के विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण भी जरूरी है। इंद्रावती से गोरिया बहार तक लगाए गए पौधे भविष्य में पूरे मार्ग को हरित कॉरिडोर का स्वरूप देंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम, वन विभाग और एनएचएआई के समन्वय से बड़े स्तर पर पौधरोपण संभव हुआ है।

स्वास्थ्य मंत्री ने बस्तर की खूबसूरती को सोशल मीडिया से दुनिया तक पहुंचाने कहा

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता को सोशल मीडिया और रील्स के जरिए देश-दुनिया तक पहुंचाने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं से बस्तर के पर्यटन स्थलों को वैश्विक पहचान दिलाने की अपील की। संभाग की स्वास्थ्य सुविधाओं का भी जिक्र किया।

उन्होंने बताया कि महारानी अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में 10 से 12 हजार रुपए तक की जटिल जांच निशुल्क हो रही है।

जगदलपुर के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज उपलब्ध है। इससे गंभीर मरीजों को उपचार के लिए रायपुर एयरलिफ्ट कराने की जरूरत कम हुई है।

महापौर बोले- हरियाली के बिना शहर का विकास अधूरा

महापौर संजय पांडेय ने कहा कि शहर के विकास का मतलब सिर्फ सड़क, नाली और भवन बनाना नहीं है। हरियाली, स्वच्छता, सुंदरता और बेहतर पर्यावरण भी शहर की पहचान का हिस्सा है। इसी सोच के साथ नगर निगम प्रमुख मार्गों, डिवाइडरों, उद्यानों और सार्वजनिक स्थानों के सौंदर्यीकरण पर काम कर रहा है।