नागौर में महिला सुरक्षा संकल्प अभियान की समीक्षा: 29 दिन में 2200 महिलाओं-बालिकाओं से संवाद किया; 3280 छात्र-छात्राएं जुड़ीं - Nagaur News

राजस्थान पुलिस की ओर से चलाए गए महिला सुरक्षा संकल्प अभियान की समीक्षा नागौर में की गई। यह अभियान 1 जुलाई से 29 जुलाई तक चला था। इसकी समीक्षा डीजी ट्रैफिक मालिनी अग्रवाल (IPS) ने सोमवार को राजकीय महाविद्यालय नागौर के ऑडिटोरियम में की।

.

अभियान के दौरान महिला पुलिसकर्मियों, महिला शिक्षकों, चिकित्सा विभाग की टीम, जीएनएम-एएनएम, सामुदायिक पुलिसिंग से जुड़ी महिला सीएलजी सदस्य, सुरक्षा सखी, महिला पुलिस मित्र, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, राजीविका और साथी से जुड़े लोगों ने भाग लिया।

समीक्षा कार्यक्रम में महिला सुरक्षा सखी, कालिका टीम और 1090 टीम ने अपने अनुभव साझा किए। जिला कलक्टर ने भी संबोधन दिया और अभियान के दौरान बेहतर काम करने वाली महिला वॉलंटियर्स तथा महिला पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र दिए गए। मुख्य अतिथि की ओर से स्मृति चिह्न भी भेंट किए गए।

अभियान के तहत हुईं कई गतिविधियां

अभियान के तहत हर सप्ताह अलग-अलग गतिविधियां की गईं। पहले सप्ताह रिजर्व पुलिस लाइनों में संपर्क सभा कर आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं-बालिकाओं से संवाद किया गया। दूसरे सप्ताह महिला वॉलंटियर्स के साथ चर्चा और सम्मान कार्यक्रम हुआ।

तीसरे सप्ताह एकल वृद्ध महिलाओं और स्लम एरिया में महिला श्रमिकों से संवाद किया गया। चौथे सप्ताह विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर स्कूल-कॉलेजों की छात्राओं से ऑनलाइन संवाद हुआ। पांचवें सप्ताह महिला पुलिसकर्मियों के साथ संवाद और पैदल मार्च/जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

26 जागरूकता कार्यक्रम हुए

जिला पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार-अभियान के दौरान पहले सप्ताह में 2200 महिलाओं-बालिकाओं ने भाग लिया। दूसरे सप्ताह 2231 महिलाओं, तीसरे सप्ताह 82 वृद्ध महिलाओं/दम्पतियों और 325 महिला श्रमिकों, चौथे सप्ताह 44 विद्यालयों व 6 महाविद्यालयों से जुड़े 3280 छात्र-छात्राओं व शिक्षकों, जबकि पांचवें सप्ताह 150 महिला पुलिसकर्मियों ने भाग लिया।

साथ ही जिले में 26 जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला प्रशासन, पुलिस, शिक्षा, चिकित्सा और महिला सुरक्षा से जुड़े कई प्रतिनिधि मौजूद रहे। जिला एवं सत्र न्यायाधीश तारा अग्रवाल, जिला कलक्टर देवेंद्र कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव संजय कुमार मालवीय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक समुदाय पुलिसिंग सुनीता मीना विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुईं।