सर्वाइकल कैंसर से बचाव का अभियान नहीं पकड़ पाया रफ्तार: जिले में 29,804 किशोरियों के एचपीवी टीकाकरण का लक्ष्य, 4,351 किशोरियों को ही टीका - Ayodhya News
- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Ayodhya
- District HPV Vaccination Drive Lags: Only 15% Of Target Girls Vaccinated
सर्वाइकल कैंसर से बचाव का अभियान नहीं पकड़ पाया रफ्तार:जिले में 29,804 किशोरियों के एचपीवी टीकाकरण का लक्ष्य, 4,351 किशोरियों को ही टीका
अयोध्या13 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

जिले में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए शुरू किया गया एचपीवी टीकाकरण अभियान अपेक्षित गति नहीं पकड़ पा रहा है। करीब तीन माह बीत जाने के बाद भी लक्ष्य के मुकाबले केवल 15 प्रतिशत किशोरियों को ही टीका लग पाया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार भिटौरिया ने बताया कि अब जागरूकता अभियानों के माध्यम से किशोरियों और उनके अभिभावकों को प्रेरित करने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने 11 जुलाई शनिवार को जानकारी दी कि बाल पुष्टाहार विभाग से संपर्क किया जा रहा है, साथ ही उन विद्यालयों में भी जाया जा रहा है जहां छात्राएं पढ़ रही हैं। इसके बाद उनके परिवार के सदस्यों से बैठकें कर टीकाकरण कराया जा रहा है। परिजनों से बैठक करना इसलिए आवश्यक है ताकि उनके मन में किसी प्रकार का भ्रम न रहे और वे टीके के प्रति जागरूक हों।
जिले में कुल 29,804 किशोरियों को एचपीवी टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। 1 अप्रैल से अब तक केवल 4,351 किशोरियों को ही टीका लगाया जा सका है, जो कुल लक्ष्य का 14.60 प्रतिशत है।
हाल ही में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में अभियान की समीक्षा की गई, जिसमें शहरी क्षेत्र की प्रगति सबसे कम पाई गई। रुदौली, मया बाजार, हैरिंग्टनगंज और सोहावल ब्लॉक में भी अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है। हालांकि, कुछ क्षेत्रों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। पूरा बाजार ब्लॉक ने सर्वाधिक 30.36 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की। बीकापुर, खण्डासा, मिल्कीपुर और मवई ब्लॉक भी अन्य क्षेत्रों की तुलना में आगे रहे।
मंडल के अन्य जिलों से तुलना करने पर सुल्तानपुर और अंबेडकरनगर ने अयोध्या से बेहतर प्रगति दर्ज की है। यह दर्शाता है कि जिले में टीकाकरण अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने की आवश्यकता है।
सीएमओ डॉ. देवेंद्र कुमार भिटौरिया ने बताया कि स्कूलों, अभिभावकों और समुदाय के बीच जागरूकता बढ़ाकर अभियान में तेजी लाई जाएगी। अपेक्षाकृत कम प्रगति वाले ब्लॉक के अधीक्षकों को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक किशोरियां इस जीवनरक्षक टीके का लाभ उठा सकें।
.