29 साल पुरानी कंपनी के IPO का इंतजार खत्म, 100 रुपये है इश्यू प्राइस
Aug 21, 2026 11:15 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान
मुख्य बातें
- 1997 में वजूद में आई मधुर निट क्राफ्ट्स लिमिटेड लुधियाना की एक टेक्सटाइल मैन्युफैक्चरिंग कंपनी है
- इस कंपनी का 53.28 करोड़ रुपये का आईपीओ 24 अगस्त को खुलेगा

अगस्त महीने में आईपीओ मार्केट गुलजार है
Madhur Knit Crafts IPO: अगस्त महीने में आईपीओ मार्केट गुलजार है। अगले हफ्ते भी कई बड़ी कंपनियों के आईपीओ लॉन्च होने वाले हैं। इनमें कपड़ा कंपनी मधुर निट क्राफ्ट्स लिमिटेड भी शामिल है। इस कंपनी का 53.28 करोड़ रुपये का आईपीओ 24 अगस्त को खुलेगा। वहीं, 27 अगस्त को क्लोजिंग है। कंपनी आईपीओ के जरिए वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने, कर्ज चुकाने और सौर पैनल में निवेश के लिए पूंजी जुटाना चाहती है। बता दें कि इस कंपनी का वजूद करीब 29 साल पहले आया था।
प्राइस बैंड
मधुर निट क्राफ्ट्स लिमिटेड ने आईपीओ के लिए प्रति शेयर 95-100 रुपये का प्राइस बैंड तय किया गया है। आईपीओ के तहत 53.28 लाख नए शेयर जारी किए जाएंगे। आवेदन के लिए न्यूनतम 1,200 शेयरों का लॉट तय किया गया है जबकि 2.66 लाख शेयर बाजार निर्माताओं के लिए आरक्षित रखे गए हैं।
क्या होगा पैसे का?
मधुर निट क्राफ्ट्स आईपीओ से मिलने वाली राशि में से 20.85 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कुछ बकाया कर्ज के पूर्व भुगतान या री-पेमेंट और 15.92 करोड़ रुपये वर्किंग कैपिटल की जरूरतों के लिए करेगी। इसके अलावा, 3.68 करोड़ रुपये सौर पैनल खरीदने पर खर्च किए जाएंगे। शेष राशि का इस्तेमाल सामान्य कारोबारी जरूरतों और इश्यू से जुड़े खर्चों के लिए किया जाएगा। कंपनी का अपने शेयर एनएसई इमर्ज मंच पर सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है।
क्या कहा कंपनी के प्रबंध निदेशक ने?
मधुर निट क्राफ्ट्स के प्रबंध निदेशक अरुण गुप्ता ने कहा, ''प्रस्तावित आईपीओ हमारी यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। इससे हमारी वर्किंग कैपिटल की जरूरतें पूरी करने, वित्तीय स्थिति मजबूत करने और विनिर्माण क्षमताओं में आगे निवेश करने में मदद मिलेगी।''
कंपनी के बारे में
1997 में वजूद में आई मधुर निट क्राफ्ट्स लिमिटेड लुधियाना की एक टेक्सटाइल मैन्युफैक्चरिंग कंपनी है जो फैब्रिक, कंबल, सर्दियों के कपड़े, गारमेंट्स और दूसरे टेक्सटाइल प्रोडक्ट बनाती है।
कंपनी यार्न से कपड़ा बनाने का इंटीग्रेटेड मॉडल अपनाती है, जिसमें निटिंग, डाइंग, प्रिंटिंग, ब्रशिंग, पॉलिशिंग, स्टेंटरिंग, बॉन्डिंग और फिनिशिंग जैसी क्षमताएं शामिल हैं। इसके प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में कपड़े, होम-टेक्सटाइल और इंडस्ट्रियल इस्तेमाल के लिए प्रोडक्ट शामिल हैं। कंपनी का फोकस क्वालिटी टेक्सटाइल सॉल्यूशन देने और बदलती मार्केट की जरूरतों, फैशन ट्रेंड्स के हिसाब से काम करने पर है। कंपनी का मैन्युफैक्चरिंग प्लांट पंजाब के लुधियाना में है। यह प्लांट आधुनिक टेक्सटाइल मशीनरी और इंटीग्रेटेड प्रोडक्शन क्षमताओं से लैस है।
मधुर निट क्राफ्ट्स लिमिटेड ने अपने अलग-अलग तरह के टेक्सटाइल प्रोडक्ट पोर्टफोलियो और इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्षमताओं के दम पर लगातार अच्छा फाइनेंशियल परफॉर्मेंस दिखाया है। फरवरी 2026 तक कंपनी ने ₹194.79 करोड़ की कुल आय दर्ज की जबकि FY2025 में यह ₹171.76 करोड़ थी। इस ग्यारह महीने की अवधि में टैक्स के बाद का प्रॉफिट ₹12.35 करोड़ रहा, जबकि FY2025 में यह ₹11.03 करोड़ था।
