हरियाणा में व्यापारी से ₹3 करोड़ का सोना लूटा: बेटे के सिर पर पिस्टल तान बैग उठाया; पंजाब से डिलीवरी देने आ रहे थे - Yamunanagar News

बदमाशों के हमले में व्यापारी की गाड़ी का शीशा भी टूट गया, गोल्ड व्यापारी को घायल हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हरियाणा के यमुनानगर में बदमाशों ने सर्राफा व्यापारी से दिनदहाड़े 3 करोड़ रुपए का सोना लूट लिया। व्यापारी पंजाब के अमृतसर से यमुनानगर में ज्वेलर्स को 2 किलो सोने के रॉ-मैटेरियल डिलीवर करने आ रहे थे।

.

भंभोली एरिया में बाइक पर आए बदमाशों ने व्यापारी की गाड़ी रुकवा बेटे के सिर पर पिस्टल लगा दी। व्यापारी ने जैसे ही विरोध किया, बदमाशों ने उनके पेट में चाकू मारकर गाड़ी में रखा बैग उठा लिया।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही थाना छप्पर पुलिस, CIA-1 की टीम भी मौके पर पहुंच गई। घायल व्यापारी जयपाल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने पूरे एरिया की नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। छप्पर थाना प्रभारी अजय कुमार का कहना है कि व्यापारी से एक किलो, 1200 ग्राम के करीब सोना लूटा गया है।

तलाशी अभियान की 2 तस्वीरें:-

व्यापारी की गाड़ी की चेकिंग करते पुलिसकर्मी।

व्यापारी की गाड़ी की चेकिंग करते पुलिसकर्मी।

घटनास्थल पर पहुंची सीआईए और पुलिस टीम।

घटनास्थल पर पहुंची सीआईए और पुलिस टीम।

सिलसिलेवार जानिए, कैसे दिया घटना को अंजाम…

  • गोल्ड मैटेरियल सप्लाई करना था: अमृतसर निवासी गोल्ड कारोबारी जयपाल सिंह अपने बेटे इंद्रवीर के साथ शुक्रवार को यमुनानगर और जगाधरी के ज्वेलर्स को सोने की सप्लाई देने आते रहे थे। सबसे पहले उन्हें महलावाली में गोल्ड मैटेरियल सप्लाई करना था। जैसे ही वे पंचकूला-सहारनपुर हाईवे से खुंडेवाला-महलावाली की ओर खेतों के रास्ते पर पहुंचे, यहां बदमाशों ने उनकी गाड़ी रुकवा ली।
  • बाइक पर आए दो बदमाश: जयपाल के अनुसार, दोनों बदमाश बाइक पर आए थे। चेहरे पर कपड़ा ढका हुआ था। उनके एक हाथ में पिस्टल थी, जबकि दूसरे के हाथ में चाकू भी था। बदमाशों ने आते ही कहा, जो भी सामान है निकाल दो।
  • बेटे के सिर पर तान दी पिस्टल: जयपाल सिंह ने बताया कि बदमाशों ने बेटे इंद्रवीर के सिर पर पिस्टल रख दी। इसके बाद गाड़ी से बैग उठाने लगे। मैंने इसका विरोध किया तो एक बदमाश ने मेरे पेट में चाकू मार दिया। एक के बाद एक कई वार किए। मुझे देखते ही बेटा घबरा गया और बदमाशों को बैग दे दिया।
  • बैग में तीन करोड़ का सोना था: जयपाल सिंह ने आगे बताया- बैग में करीब 2 किलो सोने का रॉ-मैटेरियल रखा था। इस मैटेरियल से ही सोने की ज्वेलरी बनाई जाती है। बदमाश सोना लेकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद बेटे ने तुरंत डायल- 112 को इसकी सूचना दी।
यमुनानगर में इसी लोकल रूट पर व्यापारी से लूट हुई।

यमुनानगर में इसी लोकल रूट पर व्यापारी से लूट हुई।

घायल को अस्पताल पहुंचाया

घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस ने घायल जयपाल सिंह को तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। आसपास के ज्वेलर्स भी अस्पताल पहुंच गए। ज्वेलर्स का कहना है कि जयपाल सिंह लंबे समय से पंजाब से यहां सोने की सप्लाई करते थे।

जानकारी देते हुए छप्पर थाना प्रभारी।

जानकारी देते हुए छप्पर थाना प्रभारी।

घटना पर पुलिस की 3 अहम बातें…

आरोपियों की पहचान कर रहे

छप्पर थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाश को व्यापारी के रूट के बारे में पहले ही जानकारी थी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।

गाड़ी का शीशा तोड़ लूट की

थाना छप्पर प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने गाड़ी का शीशा तोड़ दिया और हथियारों के बल पर लूटपाट की। व्यापारी द्वारा विरोध करने पर एक बदमाश ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे जयपाल सिंह के पेट के पास चोट लगी।

करीब एक किलो सोना लूटा

अजय कुमार के अनुसार, बदमाश ने व्यापारी के बेटे इंद्रवीर पर पिस्टल तान दी। जान का खतरा देखते हुए पिता-पुत्र ने बैग में रखा करीब एक किलो सोना बदमाशों के हवाले कर दिया। इसके बाद दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।