सचिन पायलट ने जूस पिलाकर पूर्व विधायक का अनशन तुड़वाया: 3 महीने में पूरी होगी जांच, सहकारी समिति में 1500 खाताधारकों के 9 करोड़ रुपए फंसे थे - Chaksu News

जयपुर के चाकसू में पूर्व वेदप्रकाश सोलंकी का कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट ने जूस पिलाकर आमरण अनशन तुड़वाया। पूर्व विधायक 10 जुलाई से आमरण अनशन पर बैठे थे। सचिन पायलट की मौजूदगी में सहकारिता विभाग के साथ बैठक में सहमति बनने के बाद अनशन समा

.

ये है मामला

चाकसू की राजस्थानी महिला सेवा समिति में अच्छे निवेश के चक्कर में क्षेत्र के 1500 लोगों के 9 करोड़ रुपए जमा कराए थे। एफडी मैच्योर होने पर जब लोग पैसै निकालने पहुंचे तो अधिकारी टालमटोल करते रहे। मार्च 2026 में अचानक पता लगा कि समिति वाले ऑफिस में ताला लगाकर चले गए हैं। अब वहां कोई अधिकारी-कर्मचारी नहीं आ रहा।

साल 2021 में समिति को बनाने वाली सिकोईडिकोन संस्था (NGO) ने खुद को समिति से अलग कर लिया। सिकोईडिकोन ने अपने 8 करोड़ भी समिति से निकाल लिए। साथ ही समिति द्वारा स्वयं सहायता समूहों को बांटा गया ऋण (लोन) भी वापस नहीं आया, जिससे फंड की कमी हो गई।

कांग्रेस नेता सचिन पायलट की मौजूदगी में अधिकारियों से वार्ता के बाद सहमति बन गई।

कांग्रेस नेता सचिन पायलट की मौजूदगी में अधिकारियों से वार्ता के बाद सहमति बन गई।

10 जुलाई को शुरू किया आमरण अनशन

पैसे नहीं मिलने को लेकर चाकसू के पूर्व विधायक वेदप्रकाश सोलंकी ने 10 जुलाई चाकसू के अंबेडकर चौक पर आमरण अनशन शुरु किया। 18 जुलाई को कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट की मौजूदगी में सहकारिता विभाग के अधिकारियों के साथ बातचीत शुरू हुई। मांगो पर सहमति बनने के बाद पायलट ने जूस पिलाकर वेद प्रकाश सोलंकी का अनशन तुड़वाया।

15 दिन में केवाईसी और तीन महीने में जांच का दिया आश्वासन

सहकारी समितियां जयपुर शहर के उप रजिस्ट्रार विनोद कुमार गुप्ता ने बताया- सहकारिता विभाग के अतिरिक्त रजिस्ट्रार मदनलाल गुर्जर और सहकारी समिति में नियुक्त प्रशासक सुरेश कुमार शर्मा की उपस्थिति में आंदोलनकारियों को आश्वासन दिया गया है। इसके तहत, 15 दिनों में समिति के खाताधारकों की केवाईसी (KYC) प्रक्रिया पूरी की जाएगी और तीन महीने में जांच प्रक्रिया संपन्न कर ली जाएगी। लोन के पैसों की रिकवरी होने के साथ ही खाता धारकों के पैसे वापस किए जाएंगे।

मांग पूरी होने के बाद पूर्व विधायक ने विक्ट्री साइन दिखाया।

मांग पूरी होने के बाद पूर्व विधायक ने विक्ट्री साइन दिखाया।

तीन महीने बाद फिर आंदोलन की चेतावनी

पूर्व विधायक वेदप्रकाश सोलंकी ने कहा- सहकारी समिति तीन महीने में पीड़ितों को उनकी जमा पूंजी नहीं लौटाती है, तो फिर से आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।

विधायक पर लगाए आरोप

इस दौरान पूर्व विधायक वेदप्रकाश सोलंकी ने चाकसू विधायक राम अवतार बैरवा पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा- उनके आंदोलन के बाद प्रशासन ने महिलाओं को उनकी जमा पूंजी बांटने के सहकारी समिति से चेक तैयार करवा लिए थे, जो कि आंदोलन में महिलाओं को दिए जाने थे। मगर वर्तमान विधायक ने क्रेडिट लेने के लिए सहकारिता मंत्री से बात कर चेक रुकवा दिए।

ये रहे मौजूद

कांग्रेस नेता हरिनारायण चौधरी ने बताया- प्रशासन से बातचीत के दौरान दौसा विधायक डीसी बैरवा, मसूदा के पूर्व विधायक राकेश पारीक, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष भरत लाल मीणा, कविता गुर्जर, लल्लू लाल कुमावत, राजेंद्र गुर्जर, पवन खारोल, अब्दुल हमीद खोखर, सीताराम गुर्जर सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता और आमजन उपस्थित थे।

घटना से जुड़ी ये खबर पढ़ें

40-लाख की एफडी कराई,पैसे नहीं मिले तो सदमे में मौत:खाताधारक बोले- हज का सपना टूटा; सहकारी समिति में 1500 लोगों के 9 करोड़ फंसे

चाकसू की राजस्थानी महिला सेवा समिति में 1500 लोगों के 9 करोड़ रुपए फंसे हैं। तीन महीने से समिति पर ताला लटका हुआ। अब न ही कोई अधिकारी और न कर्मचारी मौके पर मिल रहा है। (पढ़ें पूरी खबर)