जयपुर में घर से ओपेन जेल लौट रहा था कैदी, रास्ते में घेरकर मारी 3 गोलियां मौके पर मौत

जयपुर में घर से ओपेन जेल लौट रहा था कैदी, रास्ते में घेरकर मारी 3 गोलियां मौके पर मौत

घटनास्थल पर जांच-पड़ताल करती पुलिस.

Jaipur News: जयपुर के करणी विहार थाना क्षेत्र में बुधवार शाम सांगानेर ओपन जेल के एक कैदी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. वारदात धावास स्थित जानकी विहार इलाके में हुई. मृतक की पहचान गंगासहाय कुमावत के रूप में हुई है. वह ओपन जेल में सजा काट रहा था और बुधवार को अपने घर धावास आया था. शाम करीब 5 बजे बाइक से वापस जेल लौटते समय स्कूटी सवार दो बदमाशों ने उसका पीछा किया और उस पर तीन गोलियां चला दीं. इनमें से एक गोली सिर में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

घर से जेल लौटते समय बदमाशों ने किया हमला

जानकारी के अनुसार, गंगासहाय बुधवार को सांगानेर ओपन जेल से अपने घर धावास आया था. शाम को वह बाइक से वापस जेल की ओर जा रहा था. इसी दौरान जानकी विहार इलाके में स्कूटी सवार दो बदमाशों ने उसका पीछा किया. मौका मिलते ही आरोपियों ने उस पर तीन गोलियां दाग दीं. गोली लगने के बाद गंगासहाय सड़क पर गिर गया. सिर में गोली लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. वारदात के बाद दोनों आरोपी स्कूटी से फरार हो गए.

ये भी पढ़ें- 24 लाख के चांदी के गहने, 1 करोड़ का महल राजस्थान के जालोर में राधा गाय की शाही खातिरदारी

2018 के हत्या मामले में काट रहा था सजा

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि गंगासहाय वर्ष 2018 में मोती डूंगरी इलाके के हिस्ट्रीशीटर महेंद्र गुर्जर की हत्या के मामले में आरोपी था. इस मामले में अदालत से उसे सजा हुई थी और वह फिलहाल सांगानेर ओपन जेल में सजा काट रहा था. बताया गया कि 23 अप्रैल 2018 को महेंद्र गुर्जर अपनी बाइक से मकान देखने गया था. इसी दौरान गंगासहाय ने गुस्से में आकर उस पर हमला कर दिया था. हमले में महेंद्र की मौत हो गई थी. इसके बाद पुलिस ने गंगासहाय को हत्या के मामले में गिरफ्तार किया था और अदालत से उसे सजा हुई थी.

रेकी के बाद वारदात की आशंका

बुधवार को हुई हत्या के बाद पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हमलावरों को गंगासहाय के घर आने और वापस जेल जाने की जानकारी कैसे मिली. जिस तरह आरोपियों ने उसका पीछा कर हमला किया, उससे पुलिस को वारदात से पहले रेकी किए जाने का शक है. जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि हत्या के पीछे वर्ष 2018 की पुरानी रंजिश थी या फिर गंगासहाय का किसी अन्य व्यक्ति से नया विवाद चल रहा था.

CCTV और FSL से जुटाए जा रहे साक्ष्य

वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. FSL टीम ने भी मौके की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके.

पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें लगाई हैं. संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान जल्द स्पष्ट होने की उम्मीद है. मामले में एसीपी वैशाली नगर अनिल शर्मा का बयान भी लिया गया है.

ध्वज आर्य

ध्वज आर्य

राजस्थान में 2008 से पत्रकारिता के सफर की शुरुआत. 18 वर्षों के पत्रकारिता करियर में राजनीति, सामाजिक मुद्दे, विकास, अपराध और ग्राउंड रिपोर्टिंग पर काम. खबर की तह तक जाने, तथ्यों की पुष्टि करने और जटिल विषयों को सरल भाषा में जनता तक पहुंचाने में विशेषज्ञता. प्रिंट से डिजिटल मीडिया तक के बदलाव को करीब से देखा. प्रिंट ,डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्लेटफार्म पर काम का अनुभव. पत्रकारिता की शुरुआत के 10 साल क्राइम रिपोर्टिंग की. पूर्व में समाचार प्लस, इंडिया न्यूज, दैनिक भास्कर और अब नेशनल चैनल TV9 भारतवर्ष में राजस्थान ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी. इस सफर के दौरान ब्रेकिंग न्यूज से लेकर इन्वेस्टिगेशन स्टोरी के साथ कई बड़े खुलासे, कई बड़े चुनाव, आपदा, बड़े आंदोलनों की ग्राउंड ज़ीरो से कवरेज समेत भारत पाकिस्तान युद्ध (ऑपरेशन सिंदूर) को कवर किया. क्राइम की खबरों, बड़े राजनीतिक घटनाक्रम और युद्ध कवरेज में सबसे ज्यादा रूचि. मेरा मानना है कि खबर सिर्फ एक घटना नहीं है, उसके पीछे का सच भी है. पत्रकारिता का काम सत्ता पक्ष से सवाल पूछना और जनता की आवाज़ बनना है. निष्पक्षता, गति और सटीकता मेरी रिपोर्टिंग के तीन स्तंभ हैं.

Read More

google button