3 गाड़ियों से मिला 3 करोड़ का माल... ओडिशा से यूपी जा रही थी खेप, जशपुर में सामने आई गांजा तस्करी की कहानी

सोचिए, एक गाड़ी सड़क पर चल रही है. बाहर से सब सामान्य दिख रहा है. लेकिन अंदर ऐसा सामान छिपा है, जिसकी कीमत करोड़ों में है. जशपुर पुलिस ने ऐसी ही एक नहीं, बल्कि तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में 520 किलो गांजा पकड़ लिया. पुलिस ने गांजे की तस्करी में इस्तेमाल हो रही तीन गाड़ियां भी जब्त की हैं. मामले में एक महिला समेत चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है.

पुलिस के मुताबिक, जब्त गांजे और वाहनों की कुल कीमत करीब 3 करोड़ रुपये है. शुरुआती जांच में पता चला है कि गांजे की ये खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश जा रही थी. दरअसल, जशपुर के कुनकुरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई की. पहले पुलिस ने एक बिना नंबर की बोलेरो पिकअप को पकड़ा. तलाशी ली गई तो अंदर से 246 किलो गांजा मिला. इस मामले में बिहार के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.

Jashpur 3 Vehicles Rs 3 Crore Worth of Marijuana Seized Consignment UP Odisha

सम्बंधित ख़बरें

इसके बाद पुलिस ने एक अन्य कार को चेक किया. इस गाड़ी से 248 किलो गांजा बरामद हुआ. लेकिन यहां कहानी थोड़ी अलग थी. पुलिस को देखते ही कार का ड्राइवर गाड़ी छोड़कर भाग गया. पुलिस ने गांजा और गाड़ी तो जब्त कर ली, लेकिन ड्राइवर अभी हाथ नहीं आया है. उसकी तलाश की जा रही है. दोनों कार्रवाइयों में पुलिस को अकेले कुनकुरी से 494 किलो गांजा मिल चुका था.

यह भी पढ़ें: एक तरफ शराबबंदी, दूसरी तरफ लीगल गांजा! बिहार बॉर्डर के पास नेपाल ने खेती को दी हरी झंडी

इसके बाद पुलिस की कार्रवाई नारायणपुर थाना क्षेत्र में हुई. पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार में गांजे की खेप ले जाई जा रही है. पुलिस ने कार को रोका और तलाशी ली. अंदर से 26 किलो गांजा मिला. इस मामले में मध्य प्रदेश के शिवपुरी के रहने वाले कमल किशोर ओझा और एक महिला को गिरफ्तार किया गया.

494 और 26 जोड़िए, आंकड़ा पहुंचता है 520 किलो. यानी तीन अलग-अलग कार्रवाइयां और पुलिस के हाथ लगा आधा टन से भी ज्यादा गांजा. अब पुलिस की जांच सिर्फ गिरफ्तार आरोपियों तक सीमित नहीं है. पूछताछ में सामने आया कि गांजे की खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी. पुलिस को शक है कि इसके पीछे एक बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है.

अब पुलिस उन लोगों की तलाश कर रही है, जिन्होंने गांजा सप्लाई किया था. साथ ही ये भी पता लगाया जा रहा है कि यूपी में इस खेप को किसे सौंपा जाना था. अभी चार लोग पुलिस के हाथ आए हैं, लेकिन कहानी में किरदार और भी हो सकते हैं.

जशपुर पुलिस ने इस पूरे एक्शन को 'ऑपरेशन आघात' के तहत अंजाम दिया. एसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है.

---- समाप्त ----

ये भी देखें

पुणे में गांजा तस्करी रैकेट का पुलिस ने किया भंडाफोड़

Live TV