बाउंसर पर फिर फंसे बाबर, अजीबोगरीब तरीके से हुए आउट, 3 साल बाद शतक का सपना टूटा

बाउंसर पर फिर फंसे बाबर, अजीबोगरीब तरीके से हुए आउट, 3 साल बाद शतक का सपना टूटा

बाउंसर पर फिर आउट हुए बाबर आजम. (फोटो- GETTY)

Babar Azam vs England: इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेले जा रहे तीसरे टेस्ट की दूसरी पारी में पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम तीन साल बाद अपने पहले टेस्ट शतक के करीब पहुंच गए थे, लेकिन एक खराब शॉट सेलेक्शन ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया. जिसके चलते बाबर 76 रन बनाकर पवेलियन लौटे और अपने 10वें टेस्ट शतक से सिर्फ 24 रन दूर रह गए. इसी के साथ ही टेस्ट क्रिकेट में बाबर का शतक का इंतजार और लंबा हो गया है. उन्होंने टेस्ट में अपना पिछला शतक दिसंबर 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ कराची में बनाया था.

पॉजिटिव इंटेंट के बाद ऐसे गंवाया विकेट

एजबेस्टन में दूसरी पारी के दौरान बाबर बिल्कुल अलग रंग में नजर आए. उन्होंने इंग्लैंड के तीनों तेज गेंदबाज ऑली रॉबिन्सन, जोफ्रा आर्चर और जोश टंग के खिलाफ आत्मविश्वास से चौके बटोरे. पहली पारी में सिर्फ 5 रन पर बोल्ड होने और लॉर्ड्स टेस्ट में सिर्फ 8 और 6 रन बनाने के बाद बाबर जबर्दस्त दबाव में थे. लेकिन इस मुकाबले की दूसरी पारी में बाबर ने 76 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने शान मसूदके साथ चौथे विकेट के लिए 89 रनों की अहम साझेदारी की, जिसकी बदौलत पाकिस्तानी टीम इस दौरे पर छह पारियों में पहली बार 200 रनों का आंकड़ा पार करने में सफल रही.

जब ऐसा लग रहा था कि बाबर आसानी से शतक पूरा कर लेंगे, तभी इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोश टंग ने शॉर्ट-पिच गेंद का जाल बिछाया. पारी के 63वें ओवर में टंग ने लेग-स्टंप पर सीने की ऊंचाई पर तेज बाउंसर पटकी. लेकिन बाबर गेंद से बचने के बजाए उसे फाइन लेग की तरफ ग्लाइड करने के लिए मुड़े, तभी गेंद उनके ग्लव्स का किनारा लेकर विकेटकीपर के हाथों में चली गई. यह इस सीरीज की चार पारियों में तीसरा मौका रहा जब जोश टंग ने बाबर आजम को पवेलियन का रास्ता दिखाया.

Safe hands from Jordan Cox 👐

Catch all the big moments 📲 https://t.co/Yq57Hn0Diy pic.twitter.com/DmbN09G15M

— England Cricket (@englandcricket) September 11, 2026

तकनीक पर फिर उठे सवाल

बाबर के इस तरह आउट होने पर कमेंट्री कर रहे इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने उनकी तकनीक की कड़ी आलोचना की. ब्रॉड ने कहा, ‘यह उनके खेल की एक बड़ी कमजोरी को उजागर करता है, जैसा लॉर्ड्स में जोफ्रा आर्चर के खिलाफ देखने को मिला था. यह वाकई बहुत खराब शॉट था.’ बता दें, पिछले मैच में भी जोफ्रा आर्चर के खिलाफ वो बाउंसर पर आउट हुए थे, तभी उन्होंने अजीबोगरीब तरीके से गेंद को खेलने की कोशिश की थी.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button