सरोजनीनगर पुलिस का एक्शन: लखनऊ में अन्तर्जनपदीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, सरगना समेत 3 शातिर गिरफ्तार - Haribhoomi

लखनऊ के सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सरगना समेत तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब ₹7 लाख की आठ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं।

Inter-district bike theft gang busted in Lucknow, 3 including the gang leader arrested (file photo)

लखनऊ में अन्तर्जनपदीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, सरगना सहित 3 गिरफ्तार (फाइल फोटो)

  • Published: 17 Sep 2026, 03:52 PM IST
  • Last Updated: 17 Sep 2026, 03:52 PM IST

लखनऊ : राजधानी लखनऊ में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के अभियान के तहत सरोजनीनगर कोतवाली पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की दक्षिणी जोन टीम ने एक अंतरजनपदीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए गिरोह के सरगना सहित तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से विभिन्न इलाकों से चुराई गई 8 मोटरसाइकिलें अनुमानित कीमत लगभग 7 लाख रुपये और कूटरचित फर्जी नंबर प्लेटें बरामद की गई हैं।

​120 से अधिक कैमरों की जांच के बाद खुला मामला

सरोजनीनगर क्षेत्र के गौरी बाजार और स्कूटर इंडिया चौराहे के पास से मोटरसाइकिल चोरी होने के संबंध में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे। घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में 4 पुलिस टीमों का गठन किया गया था। टीम ने 120 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से सुराग जुटाए और तीनों अभियुक्तों—योगेंद्र कुमार उर्फ विक्की, शिवम कुमार और बासुदेव को धर दबोचा।

​फर्जी नंबर प्लेट लगाकर करते थे वारदात

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सभी मूल रूप से उन्नाव जिले के रहने वाले हैं और आपस में गहरे दोस्त हैं। मौज-मस्ती और आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए वे दोपहिया वाहन चोरी करते थे। चोरी करने के बाद वे गाड़ी की असली नंबर प्लेट हटाकर फर्जी नंबर प्लेट लगा देते थे। इसके बाद उसी चोरी की बाइक का इस्तेमाल शहर के दूसरे इलाकों में रेकी और अगली चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए करते थे। चुराई गई गाड़ियों को वे छिपाकर रखते थे और संख्या बढ़ने पर ग्राहकों को औने-पौने दाम में बेच देते थे।

​सरगना पर पहले से दर्ज हैं आधा दर्जन मुकदमे

पुलिस के अनुसार, गिरोह का सरगना 42 वर्षीय योगेंद्र कुमार उर्फ विक्की शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ अजगैन उन्नाव, बंथरा, सोहरामऊ और सरोजनीनगर में चोरी और यूपी गैंगस्टर एक्ट सहित आधा दर्जन आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। इसके अलावा आरोपी बासुदेव पर भी पारा थाने में चोरी का केस दर्ज है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता BNS की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।