सोलर पैनल लगाने पर बिना गारंटी दो लाख का लोन: 3 किलोवाट के पैनल से प्रति माह औसतन 375 यूनिट बिजली का उत्पादन - Patna News
पटना18 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

आप घरेलू बिजली उपभोक्ता हैं, अपने घर की छत पर 3 किलोवाट का सोलर पैनल लगाना चाहते हैं तो बैंक बिना गारंटी 2 लाख का लोन देंगे। बैंक को 5.75% का सालाना ब्याज देना होगा। पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना के तहत कम ब्याज दर पर बैंक ऋण की सुविधा बिजली कंपनी उपलब्ध करा रही है, ताकि रूफटॉप सोलर लगाने वाली एजेंसी को पैसा भुगतान करने में परेशानी नहीं हो।
इसके लिए बिजली कंपनी को आवेदन देना होगा। राज्य में अभी तक 26 हजार उपभोक्ताओं ने रूफटॉप सोलर लगाया है। एक किलोवाट के ग्रिड कनेक्टेड सोलर पैनल लगाने का खर्च औसतन 60 हजार रुपए है। इस हिसाब से तीन किलोवाट लगाने के लिए 1.80 लाख रुपए का भुगतान करना पड़ता है। इसके साथ ही लोहे का स्टैंड लगाने पर करीब 10 हजार से 20 हजार रुपए तक खर्च होता है।
98 हजार रुपए मिलेगा अनुदान
अभी तक केंद्र सरकार द्वारा 3 किलोवाट का सोलर पैनल लगाने पर 78 हजार रुपए अनुदान दिया जाता था। अब राज्य सरकार 20 हजार अनुदान देगी। इसके लिए राज्य सरकार ने 1,000 करोड़ का बजट मंजूर किया है। इसका लाभ करीब 5 लाख घरेलू उपभोक्ताओं को मिलेगा। ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने कहा कि राज्य सरकार के अनुदान से हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। सोलर प्लांट लगाने की शुरुआती लागत कम होगी। वहीं, ऊर्जा सचिव अजय यादव ने कहा कि यह अनुदान पहले आओ और पहले पाओ के आधार पर उपभोक्ताओं मिलेगा।
अनुदान की राशि…
| सोलर पैनल | लागत दर | केंद्र अनुदान | राज्य अनुदान |
| 1 किलोवाट | 60 हजार | 30 हजार | 10 हजार |
| 2 किलोवाट | 120 हजार | 60 हजार | 20 हजार |
| 3 किलोवाट | 180 हजार (1.80 लाख)* | 78 हजार | 20 हजार |
पोस्टपेड होगा स्मार्ट मीटर
सोलर पैनल लगाने वाली एजेंसी के अनुसार शुरुआती लागत औसतन 60 हजार रुपए प्रति किलोवाट है। ग्रिड कनेक्टेड सोलर लगाने वाली एजेंसी मेंटेनेंस करेगी। इसका हिसाब नेट स्मार्ट मीटर से होगा। उत्पादन से अधिक खर्च होने पर पैसा भुगतान करना होगा। उत्पादन अधिक होता है तो आपकी यूनिट अगले महीने के लिए शिफ्ट हो जाएगी।
बिजली बिल से मिलेगा छुटकारा
500 यूनिट बिजली की खपत करने पर कोई बिल नहीं देना होगा। इसमें 125 यूनिट बिजली राज्य सरकार मुफ्त दे रही है। इसके बाद आप 3 किलोवाट का सोलर पैनल से औसतन प्रति महीने 375 यूनिट बिजली का उत्पादन कर सकते हैं। टाइम ऑफ डे टैरिफ लागू होने के बाद औसतन बिजली का दर 3.87 रुपए प्रति यूनिट है।
.