आंखों में मिर्च झोंकी, फिर बरसाए ईंट-पत्थर... दिल्ली पुलिस पर जानलेवा हमला, 3 घायल, एक नाबालिग अरेस्ट; Video
Delhi Crime News: राजधानी दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है. मुकुंदपुर स्थित जनता विहार में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर असामाजिक तत्वों ने जानलेवा हमला कर दिया. बिना कागजात की बाइक को थाने ले जाने से नाराज बाइक मालिक और उसके परिजनों ने पुलिस टीम पर अचानक धावा बोल दिया.
घटना उस वक्त हुई जब पुलिसकर्मी इलाके में चेकिंग कर रहे थे. आरोप है कि जैसे ही पुलिस ने बिना दस्तावेजों के पाई गई बाइक को जब्त कर थाने ले जाने की प्रक्रिया शुरू की, बाइक मालिक और उसके परिवार के लोग भड़क गए. हमलावरों ने पहले पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया और फिर ईंट-पत्थर व डंडों से अंधाधुंध हमला कर दिया. शोर सुनकर बीच-बचाव व मदद के लिए पहुंचे HC टीनू पर भी हमलावरों ने हमला कर दिया.
3 पुलिसकर्मी घायल, 17 साल का नाबालिग पकड़ा गया
इस हिंसक हमले में हेड कांस्टेबल दिनेश के सिर में गंभीर चोट आई है. हमले में कुल तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों का इलाज कर दिया गया है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है. घटना के तुरंत बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से 17 साल के एक नाबालिग आरोपी को दबोच लिया, जबकि अन्य आरोपी फरार होने में कामयाब रहे.
ये भी पढ़ें: बिना कपड़ों के डैम में नहाता दिखा प्रिंसिपल, वीडियो वायरल हुआ तो ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
बीएनएस धाराओं में FIR दर्ज, मुख्य आरोपी की तलाश
भलस्वा डेयरी थाना पुलिस ने मामले में FIR नंबर 537/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 132, 121(1), 110, 61 और 3(5) के तहत गंभीर केस दर्ज किया है. मामले का मुख्य फरार आरोपी सुनील उर्फ पंकज इलाके का घोषित बैड कैरेक्टर (BC) है. आरोपी सुनील के खिलाफ पहले से ही 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें से 2 मामले एनडीपीएस (NDPS) एक्ट और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े हैं. पुलिस की कई टीमें फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं.

पुनीत कुमार शर्मा
स्पेशल कॉरेसपॉंडेंट ( क्राइम ) और लेखक। 11 साल से बदस्तूर जारी पत्रकारिता की शुरुआत 2010 में आजतक से बतौर क्राइम रिपोर्टर। 2015 से दिल्ली आजतक में एंकर की ज़िम्मेदारी भी निभाई। 11 साल लगातार आजतक में रिपोर्टिंग करने के बाद फिलहाल स्पेशल कॉरेसपॉंडेंट के तौर पर टी वी9 भारतवर्ष में सफ़र जारी। इसके अलावा " अनचाही रिपोर्टिंग, अनचाहा " सफ़र नाम की किताब लिखी.
Read More