पथ निर्माण मंत्री ने मरम्मत कार्यों का निरीक्षण किया: मंत्री बोले-30 नवंबर तक चालू करें विक्रमशिला सेतु, देरी बर्दाश्त नहीं - Patna News

पथ निर्माण मंत्री ई. शैलेंद्र।

भागलपुर के विक्रमशिला सेतु की मरम्मत का काम जोरों पर है। इसे 126 करोड़ की लागत से ठीक किया जा रहा है। पथ निर्माण मंत्री ई. शैलेंद्र का यह गृह जिला है। वे खुद इस परियोजना पर नजर रखे हुए हैं। सोमवार को उन्होंने मरम्मत कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। उन्ह

.

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी हाल में 30 नवंबर तक यह पुल चालू होना चाहिए। काम में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। वर्तमान में सबसे बड़ी चुनौती गंगा का बढ़ता जलस्तर है। बारिश के कारण नदी का पानी लगातार बढ़ रहा है।

टूटे सेतु पर छोटी गाड़ियों को पार कराने के लिए बीआरओ (बॉर्डर रोड आर्गेनाइजेशन) ने बेली ब्रिज लगाया था। अब इस बेली ब्रिज को सुरक्षित हटाना है। मंत्री ने निर्देश दिया है कि बेली ब्रिज हटाने के लिए बीआरओ के साथ प्रभावी समन्वय बनाया जाए। निर्माण के हर चरण में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन हो। एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करना होगा।

दिसंबर तक तैयार होगा नया समानांतर 4 लेन सेतु : पुराने विक्रमशिला सेतु के ठीक 50 मीटर पूरब में एक नया 4 लेन पुल बन रहा है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के इस प्रोजेक्ट की लागत 995 करोड़ है। 4.45 किमी लंबे इस सेतु में 68 पिलर हैं। इसका निर्माण मई 2023 में एसपी सिंगला एजेंसी को सौंपा गया था। इसे मई 2027 में पूरा होना था। अब इसे 5 महीने पहले ही चालू करने की रणनीति बनी है। इससे पुराने पुल पर यातायात का दबाव कम किया जा सकेगा।

मुंगेर होकर जा रहे वाहन : पुराना सेतु बंद होने से उत्तर बिहार से आने वाले वाहन मुंगेर के श्रीकृष्ण सेतु से होते हुए सुलतानगंज-भागलपुर पहुंच रहे हैं। यह वैकल्पिक मार्ग काफी लंबा है। भागलपुर और नवगछिया के बीच रोजाना हजारों लोग आते-जाते हैं। ऐसे में नाव और स्टीमर उनका सहारा है। लेकिन, गंगा में पानी बढ़ने से यह जलमार्ग सेवा भी प्रभावित होगी।

झारखंड और बंगाल से कनेक्टिविटी मजबूत होगी इस परियोजना के पूरे होने से सीमांचल का झारखंड के साथ सड़क संपर्क सुगम हो जाएगा। पश्चिम बंगाल के साथ भी कनेक्टिविटी बढ़ेगी। केंद्र सरकार ने नवगछिया-भागलपुर और भागलपुर-हंसडीहा पथ को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित कर दिया है। नए 4-लेन पुल के बनने से नवगछिया से भागलपुर होते हुए झारखंड की सीमा तक एक नया राष्ट्रीय राजमार्ग भी चालू हो जाएगा।