मस्जिद की दुकान में मारपीट-तोड़फोड़ से तनाव: बक्सर में 30-40 लोगों पर FIR; एक गिरफ्तार, मस्जिद के पास फोर्स तैनात, VIDEO वायरल करने पर कार्रवाई होगी - Buxar News

बक्सर शहर की बड़ी मस्जिद के पास एक दुकान में 4 सितंबर को मारपीट और तोड़फोड़ की घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने एहतियात के तौर पर सक्रियता बढ़ा दी है। मस्जिद परिसर के पास पुलिस बल की तैनाती

.

दुकान का सामान तय जगह से बाहर रखने को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान 4 सितंबर को कुछ लोग मस्जिद से जुड़ी दुकान में पहुंचे। यहां मारपीट के साथ तोड़फोड़ की गई, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

दुकानदार और घटना में शामिल लोगों के अलग-अलग समुदाय से होने के कारण पुलिस ने मामले को संवेदनशील मानते हुए इलाके में निगरानी बढ़ा दी है।

सात नामजद, 30-40 अज्ञात पर FIR

घटना को लेकर नगर थाने में FIR दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, मस्जिद कमेटी के संयुक्त सचिव शब्बीर अहमद, फसीह अहमद, सैफ अंसारी समेत सात लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। इसके अलावा 30 से 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

कोर्ट में भी चल रहा है मामला

एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि दुकान को तय जगह से बाहर लगाने को लेकर पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इस मामले को लेकर न्यायालय में भी मामला विचाराधीन है।

उन्होंने बताया कि पुलिस पहले भी दोनों पक्षों को बुलाकर विवाद सुलझाने का प्रयास कर चुकी है। दोनों पक्षों से आपसी सहमति से मामले का समाधान निकालने की अपील की गई थी। इसके बावजूद 4 सितंबर को दुकान में मारपीट और तोड़फोड़ की घटना हो गई।

साक्ष्यों के आधार पर होगी कार्रवाई

एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए बड़ी मस्जिद के पास पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

वीडियो प्रसारित करने पर कार्रवाई की चेतावनी

पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की है। एसडीपीओ गौरव पांडेय ने कहा कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है, इसलिए सभी पक्षों को कानून और न्यायालय की प्रक्रिया का सम्मान करना चाहिए।

उन्होंने चेतावनी दी कि तोड़फोड़ या विवाद से संबंधित वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित कर माहौल खराब करने का प्रयास किया गया तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की निगरानी कर रही है।