राज्य खेल अलंकरण समारोह : ज्ञानेश्वरी को मिला 30 लाख और DSP का पद, CM साय बोले- ओलंपिक के लिए तैयार होंगे खिलाड़ी - Haribhoomi

रायपुर में राज्य खेल अलंकरण समारोह में खिलाड़ियों को 1.74 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। ज्ञानेश्वरी यादव को 30 लाख और DSP पद देने का ऐलान हुआ।

CM Vishnu Dev Sai honored the players

CM विष्णु देव साय ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित

  • Published: 29 Aug 2026, 07:43 PM IST
  • Last Updated: 29 Aug 2026, 07:43 PM IST

रायपुर। राजधानी रायपुर में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह-2026 में छत्तीसगढ़ के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान खिलाड़ियों को कुल 1 करोड़ 74 लाख 19 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

राष्ट्रीय खेल दिवस हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मेजर ध्यानचंद को नमन करते हुए प्रदेश के सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

कई वर्षों बाद फिर शुरू हुआ खेल अलंकरण समारोह
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में राज्य खेल अलंकरण समारोह बंद हो गए थे, लेकिन उनकी सरकार ने इसे फिर से शुरू किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पिछले दो वर्षों से बस्तर ओलंपिक का आयोजन कर रही है। इसके अलावा खेलो इंडिया राष्ट्रीय ट्राइबल गेम्स का भी सफल आयोजन प्रदेश में हुआ है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को लगातार तराशा जाए और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिले। 

कॉमनवेल्थ और ओलंपिक के लिए खिलाड़ियों को तैयार करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश के खिलाड़ियों को कॉमनवेल्थ गेम्स और ओलंपिक जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय मंचों के लिए तैयार करने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए खेल सुविधाओं और प्रशिक्षण व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर तीन नए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी बनाए जा रहे हैं, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं मिल सकें।

ज्ञानेश्वरी यादव को 30 लाख की प्रोत्साहन राशि, DSP पद पर पदोन्नति
मुख्यमंत्री ने हाल ही में एशियन गेम्स में प्रदेश का नाम रोशन करने वाली खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव की उपलब्धि का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि ज्ञानेश्वरी यादव को 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। साथ ही उन्हें DSP पद पर पदोन्नति देने की प्रक्रिया भी की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों की उपलब्धियां राज्य के लिए गौरव का विषय हैं और सरकार ऐसे खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को राज्य खेल अलंकरण से सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा कि खेलों के प्रति युवाओं को प्रोत्साहित करने और प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। 1 करोड़ 74 लाख 19 हजार रुपये की राशि खिलाड़ियों को प्रदान किया जाना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

अरुण साव बोले- आज का दिन बेहद यादगार

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने राज्य खेल अलंकरण समारोह-2026 को खिलाड़ियों के लिए बेहद यादगार अवसर बताया। उन्होंने कहा कि आज राष्ट्रीय खेल दिवस है और यह दिन हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने मेजर ध्यानचंद को नमन किया। अरुण साव ने कहा कि राज्य खेल अलंकरण प्रदेश के वीर शहीदों के नाम पर प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश को ऐसे प्रधानमंत्री मिले हैं, जो खेल और खिलाड़ियों से बेहद स्नेह करते हैं। जब भी कोई खिलाड़ी बड़ी उपलब्धि हासिल करके लौटता है, प्रधानमंत्री स्वयं उसका सम्मान करते हैं।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)