चंदौली पहुंचा 308 पहियों वाला ट्रक, देखने उमड़ी भीड़: एथेनॉल प्लांट की मशीन लेकर बलरामपुर जा रहा, फुट ओवरब्रिज हटाकर निकाला जाएगा - Chandauli News

रविकांत सिंह | चंदौली23 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

चंदौली में बेल्जियम से एथेनॉल बनाने वाली भारी-भरकम मशीन लेकर 308 पहियों वाला विशाल ट्रक शुक्रवार को चंदौली मुख्यालय के पास जगदीशसराय पहुंचा। ट्रक को देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में युवा मौके पर पहुंच गए। हाईवे पर इतना बड़ा ट्रक देखकर लोग इसकी तस्वीरें और वीडियो बनाते नजर आए। सुरक्षा व्यवस्था के लिए स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है।

समुद्र के रास्ते ओडिशा पहुंची थी मशीन

यह मशीन उत्तर प्रदेश के बलरामपुर चीनी मिल के लिए बेल्जियम से मंगाई गई है। पहले इसे पानी के जहाज के जरिए ओडिशा के समुद्री तट तक पहुंचाया गया। इसके बाद मशीन को विशेष रूप से तैयार किए गए 308 पहियों वाले ट्रक पर लोड कर सड़क मार्ग से बलरामपुर के लिए रवाना किया गया।

भारी और बड़े आकार के ट्रक को निर्धारित रूट से आगे ले जाया जा रहा है। रास्ते में ट्रैफिक और सड़क की स्थिति को देखते हुए कई जगह विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

फुट ओवरब्रिज हटाकर निकलेगा ट्रक

फिलहाल ट्रक जगदीशसराय के पास पहुंच गया है। आगे कटसीला के पास हाईवे पर बने फुट ओवरब्रिज को हटाने का काम चल रहा है। पुल हटाए जाने के बाद ट्रक को आगे निकाला जाएगा। इसके बाद यह दूसरे जिले की सीमा में प्रवेश करेगा।

ट्रक की ऊंचाई और चौड़ाई को देखते हुए रास्ते में आने वाले निर्माण और अन्य बाधाओं को हटाकर इसे आगे बढ़ाया जा रहा है।

आगे-पीछे पुलिस टीमें, पेट्रोलिंग भी जारी

ट्रक की सुरक्षा में तैनात कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि पुलिस सुरक्षा को लेकर अलर्ट है। ट्रक के आगे और पीछे पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। इसके अलावा पेट्रोलिंग टीम भी ट्रक के आगे चल रही है।

उन्होंने बताया कि ट्रक को सुरक्षित तरीके से जिले की सीमा से बाहर निकालना पुलिस की जिम्मेदारी है। इसी को देखते हुए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

पहली बार ऐसा ट्रक देखकर उत्साहित दिखे लोग

जगदीशसराय निवासी मनोज, धर्मेंद्र, अशोक और कमलेश ने बताया कि उन्होंने हाईवे पर इससे पहले इतना बड़ा ट्रक नहीं देखा था। ट्रक को देखने के लिए आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, 308 पहियों वाले इस ट्रक की सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा हो रही है। इसके चंदौली पहुंचने के बाद लोगों में इसे करीब से देखने को लेकर उत्सुकता रही।

.