मानसी में 33KG गांजा के साथ 4 तस्कर अरेस्ट: बाइक और नकद जब्त,एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज - Khagaria News
खगड़िया पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मानसी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 33 किलोग्राम गांजा के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है।
.
इस दौरान एक मोटरसाइकिल और पांच हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए। सभी आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान जारी
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, एसपी के निर्देश पर जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में मानसी थाना पुलिस ने जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) की टीम के सहयोग से बलहा बाजार स्थित एसएच-95 पर वाहन जांच अभियान चलाया।

पुलिस अधीक्षक ।
संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका, तलाशी ली
वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका। बाइक पर सवार सहिन्दर यादव (47 वर्ष), निवासी हरदिया, थाना चौथम, और प्रिंस कुमार (21 वर्ष), निवासी टीकारामपुर, थाना मुफ्फसिल, जिला मुंगेर के पास मौजूद पिट्ठू बैगों की तलाशी ली गई।
तलाशी में कुल 20 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपितों की निशानदेही पर छापेमारी की
गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने तत्काल छापेमारी की।
इस कार्रवाई में उनके दो अन्य सहयोगी विकास पासवान (27 वर्ष) एवं नंदन कुमार (22 वर्ष), दोनों निवासी एकनियां, थाना मानसी, को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इनके कब्जे से अलग-अलग पिट्ठू बैग में रखा 13 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
नेटवर्क के सदस्यों की तलाशी जारी
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने कुल 33 किलोग्राम गांजा, एक मोटरसाइकिल तथा 5 हजार रुपये नकद जब्त किए। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बरामद गांजा की यह खेप जिले और आसपास के क्षेत्रों में आपूर्ति के लिए लाई जा रही थी।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से आगे की पूछताछ कर रही है ताकि इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों का पता लगाया जा सके।

गांजा की यह खेप कहां से लाई गई थी और किन लोगों तक इसकी आपूर्ति की जानी थी। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सहिन्दर यादव (हरदिया, चौथम), विकास पासवान (एकनियां, मानसी), नंदन कुमार (एकनियां, मानसी) तथा प्रिंस कुमार (टीकारामपुर, मुफ्फसिल, मुंगेर) के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष बोले- मामले की जांच जारी इस मामले में मानसी थाना कांड संख्या 209/26 दिनांक 6 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है। सभी आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(b)(ii)(C) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पूरी कार्रवाई का नेतृत्व मानसी थाना के थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने किया। छापेमारी अभियान में डीआईयू टीम के साथ सशस्त्र बल के जवान भी शामिल रहे। खगड़िया पुलिस ने कहा है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।