मुजफ्फरपुर- स्वतंत्रता दिवस से पहले 342 अपराधी अरेस्ट: अपराध नियंत्रण के लिए एसएसपी के निर्देश पर चलाया गया विशेष अभियान, 190 को भेजा गया जेल - Muzaffarpur News

मुजफ्फरपुर- स्वतंत्रता दिवस से पहले 342 अपराधी अरेस्ट:अपराध नियंत्रण के लिए एसएसपी के निर्देश पर चलाया गया विशेष अभियान, 190 को भेजा गया जेल

मुजफ्फरपुर15 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक
जानकारी देते एसएसपी कांतेश मिश्रा। एसएसपी के पीछे खड़े पकड़े गए अपराधी। - Dainik Bhaskar

जानकारी देते एसएसपी कांतेश मिश्रा। एसएसपी के पीछे खड़े पकड़े गए अपराधी।

स्वतंत्रता दिवस से पहले मुजफ्फरपुर पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाकर 342 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार किए गए 190 आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि 152 से पूछताछ और कागजी कार्रवाई के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।

पुलिस लाइन में आयोजित एक प्रेस वार्ता में सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने इस अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया था। इसके तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी और जांच कर आपराधिक मामलों में वांछित लोगों को पकड़ा गया।

पूर्वी-1 अनुमंडल में सबसे अधिक 72 अपराधियों को किया गिरफ्तार

आंकड़ों के अनुसार, पूर्वी-1 अनुमंडल में पुलिस को सर्वाधिक सफलता मिली, जहां 72 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से 43 आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। इसके अतिरिक्त, टाउन-1 और टाउन-2 अनुमंडल क्षेत्रों से कुल 40 अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई है।

अभियान के दौरान, एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने पुलिस की सक्रियता का जायजा लेने के लिए ब्रह्मपुरा और सकरा थाना का औचक निरीक्षण भी किया। उन्होंने थानों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की और पुलिस अधिकारियों तथा जवानों को अपराध नियंत्रण के लिए लगातार सतर्क रहने के निर्देश दिए।

विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी और जांच कर आपराधिक मामलों में वांछित लोगों को पकड़ा गया।

विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी और जांच कर आपराधिक मामलों में वांछित लोगों को पकड़ा गया।

गिरफ्तार अपराधियों के रिकार्ड की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि गिरफ्तार किए गए लोगों में कितने पुराने और कितने नए मामलों में आरोपी हैं। अहियापुर थाना क्षेत्र सहित जिले के कुछ अन्य इलाकों से कार्रवाई के दौरान सामान बरामद होने की भी सूचना है, जिसकी विस्तृत जानकारी पुलिस बाद में जारी करेगी।

सिटी एसपी ने यह भी बताया कि अपराधियों के खिलाफ यह कार्रवाई अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस की प्राथमिकता फरार और वांछित आरोपितों को गिरफ्तार करने के साथ-साथ जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पुलिस की निगरानी और चेकिंग अभियान को भी तेज कर दिया गया है।

.