इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में नियुक्ति पत्र वितरण: सीएम योगी ने 3567 चयनित शिक्षकों को बांटे नियुक्ति पत्र, बोले- पैसे मांगने वाले जेल में सड़ेंगे - Haribhoomi
लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा चयनित 3,567 प्रधानाचार्यों, प्रवक्ताओं पीजीटी और सहायक अध्यापकों टीजीटी को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
सीएम योगी ने 3567 नवचयनित शिक्षकों को बांटे नियुक्ति पत्र (file photo)
- Published: 22 Sep 2026, 02:20 PM IST
- Last Updated: 22 Sep 2026, 02:20 PM IST
लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित एक भव्य समारोह में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा पारदर्शी प्रक्रिया के तहत चयनित 3,567 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर माध्यमिक शिक्षा के चारों प्रमुख स्तंभों प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, प्रवक्ता पीजीटी और सहायक अध्यापक टीजीटी पदों के लिए सफल अभ्यर्थियों को दायित्व सौंपा गया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट चेतावनी दी कि अब किसी भी अभ्यर्थी से नियुक्ति के नाम पर पैसे की मांग करने वालों को जेल में सड़ना पड़ेगा और प्रतिभावान छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी।
हम नियुक्ति पत्र बांटते रहेंगे, सैफई सिंडिकेट गिनता रहे
विपक्षी दलों और पूर्ववर्ती शासन प्रणाली पर तीखा हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब कोई ‘सैफई सिंडिकेट’ मेधावी छात्रों के अधिकारों पर डकैती नहीं डाल सकता। उन्होंने कहा कि पिछले एक सप्ताह में 5,297 युवाओं को और पिछले नौ वर्षों में कुल साढ़े नौ लाख युवाओं को निष्पक्षता से सरकारी नौकरियां दी गई हैं। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि हम नियुक्ति पत्र देते जाएंगे और सैफई सिंडिकेट गिनती रहे, यदि गिनती नहीं आती हो तो वे शिवपाल जी के सानिध्य में बैठकर गिनती सीख लें। उन्होंने एक अभ्यर्थी का उदाहरण भी दिया, जिससे 2015-16 में आठ लाख रुपये घूस मांगी गई थी और वह नौकरी से वंचित रह गया था; आज उसी युवा को बिना किसी सिफारिश के उसका हक मिला है।
#WATCH लखनऊ (यूपी): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए।
उन्होंने कहा," ये कार्यक्रम हमारे लिए विशेष है और विशेष इसलिए क्योंकि आज केवल नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम नहीं है बल्कि 3567 ऐसे लोगों को चयन करके जिनके हाथों में पीएम मोदी आत्मनिर्भर… pic.twitter.com/ST452KJX00
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 22, 2026
शिक्षकों को कैशलेस इलाज और 6 माह में 1 लाख नई भर्तियां
सीएम योगी ने बताया कि सरकार ने सभी शिक्षकों, सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षणेत्तर कर्मियों और बेसिक शिक्षा के शिक्षामित्रों व रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा दी है। उन्होंने साफ किया कि किसी भी शिक्षक को ज्वाइनिंग में दिक्कत नहीं आनी चाहिए और यदि किसी प्रबंधक या बिचौलिए ने लेनदेन की कोशिश की तो सख्त कार्रवाई होगी। इसके साथ ही उन्होंने ऐलान किया कि आगामी छह महीनों के भीतर राज्य सरकार पारदर्शी व्यवस्था के तहत एक लाख और युवाओं को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराएगी।
प्रयागराज में आंदोलनरत युवाओं के लिए NCTE को पत्र
प्रयागराज में धरनारत युवाओं की समस्याओं का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने माध्यमिक शिक्षा मंत्री को निर्देश दिया कि राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद NCTE को पत्र भेजकर युवाओं के लिए आयु या नियमों में एकमुश्त छूट रिलैक्सेशन की व्यवस्था कराई जाए, ताकि वे आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं में सम्मिलित हो सकें। समारोह में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी, शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार और प्रमुख सचिव किंजल सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।