हरिद्वार में गंगनहर में डूबे 4 कांवड़िए, नहाने के दौरान हुआ हादसा; चंडीगढ़ से आए थे गंगाजल लेने

गंगनहर में डूबकर 4 कांवड़ियों की मौत.
Haridwar News: उत्तराखंड के हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के जटवाड़ा पुल के पास गंगनहर में डूबने से चार किशोर कांवड़ियों की मौत हो गई. सभी कांवड़िए चंडीगढ़ से अपने साथियों के साथ गंगाजल लेने हरिद्वार आए थे. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में शोक का माहौल है.
साथी को बचाने उतरे, चारों की चली गई जान
जानकारी के अनुसार, जटवाड़ा पुल के पास कुछ कांवड़िए गंगनहर में नहा रहे थे. इसी दौरान एक किशोर अचानक गहरे गड्ढे में फंसकर डूबने लगा. उसे बचाने के लिए उसके तीन साथी भी नहर में उतर गए, लेकिन वे भी गहराई का अंदाजा नहीं लगा सके और तेज बहाव की चपेट में आ गए. देखते ही देखते चारों पानी में लापता हो गए.
ये भी पढ़ें- 6000 पुलिसकर्मी, ड्रोन, CCTV और साइबर कमांडो हरिद्वार कांवड़ मेले की सुरक्षा इस बार सबसे हाईटेक
गहरे गड्ढे की नहीं थी जानकारी
बताया जा रहा है कि गंगनहर में सिल्ट हटाने के काम के कारण पानी का स्तर कम किया गया था. इसी वजह से कांवड़िए नहर के बीच तक चले गए, लेकिन वहां बने गहरे गड्ढे की उन्हें जानकारी नहीं थी. जैसे ही एक किशोर उसमें गिरा, बाकी साथी उसे बचाने के लिए पहुंचे और सभी हादसे का शिकार हो गए.
रेस्क्यू अभियान के बाद मिले शव
घटना की सूचना मिलते ही जल पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई. कई घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद चारों किशोरों के शव गंगनहर से बाहर निकाले गए. मृतकों की उम्र करीब 16 से 18 वर्ष बताई जा रही है. एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है. हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे गंगा या गंगनहर में नहाते समय पूरी सावधानी बरतें. जहां नहाने की अनुमति न हो या पानी की गहराई की जानकारी न हो, वहां जाने से बचें. किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस या जल पुलिस को सूचना दें, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके.

सुनील पांडे
पत्रकारिता के क्षेत्र में 41 वर्षों का अनुभव है. देश के विभिन्न राष्ट्रीय समाचार पत्रों में लेखन का कार्य कर चुके हैं.
Read More