मुरैना में दर्दनाक हादसा; सीवर लाइन के भारी पाइप के नीचे दबने से 4 साल की मासूम बच्ची की मौत| Navbharat Live

विज्ञापन

सार

Four Year Old Girl Died Morena: मुरैना में ठेकेदार की लापरवाही ने ली 4 साल की मासूम की जान, खेलते-खेलते सीवर लाइन के भारी पाइप के नीचे दबी बच्ची, मौके पर ही दर्दनाक मौत।

Four-year-old girl tragically lost her life after being crushed under a heavy sewer line pipe in Morena, triggering grief and concern among local residents

मुरैना में दर्दनाक हादसा (सोर्स- सोशल मीडिया)

विस्तार

Sewer Pipe Accident Morena: मध्य प्रदेश के मुरैना शहर से लापरवाही का एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र की सिंगल बस्ती में सड़क किनारे महीनों से पड़े सीवर लाइन के भारी पाइप के नीचे दबने से चार वर्षीय मासूम अंशिका उर्फ अंशू की मौत हो गई।

घटना उस समय हुई जब बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। परिजनों ने सड़क निर्माण कर रहे ठेकेदार की लापरवाही को इस हादसे का जिम्मेदार ठहराते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

खेलते-खेलते पाइप पर बैठी, अचानक लुढ़का और दब गई मासूम

जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह धर्मेंद्र बाल्मीकि की चार वर्षीय बेटी अंशिका उर्फ अंशू घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान वह सड़क किनारे रखे बड़े पाइप पर बैठ गई। अचानक पाइप लुढ़क गया, जिससे बच्ची पहले जमीन पर गिरी और फिर भारी पाइप उसके ऊपर आ गया। आसपास खेल रहे बच्चों ने शोर मचाया तो स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पाइप हटाया, लेकिन तब तक मासूम की मौत हो चुकी थी।

सम्बंधित ख़बरें

तीन महीने से सड़क किनारे पड़ा था पाइप, कई बार की गई थी शिकायत

मृतक बच्ची के चाचा रघुवीर बाल्मीकि ने बताया कि सीवर लाइन का यह पाइप करीब तीन महीने से सड़क किनारे पड़ा हुआ था। सड़क और नाला निर्माण के दौरान इसे निकालकर वहीं छोड़ दिया गया था। स्थानीय लोगों ने कई बार ठेकेदार से पाइप हटाने की मांग की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इतना ही नहीं, पाइप को लुढ़कने से रोकने के लिए उसके आगे ईंट, पत्थर या अन्य सुरक्षा इंतजाम भी नहीं किए गए थे, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया।

यह भी पढ़ें: दतिया उपचुनाव: कांग्रेस की जीत पर जीतू पटवारी ने समाजवादी पार्टी का जताया आभार, कही बड़ी बात- देखें VIDEO

पुलिस ने शुरू की जांच, परिजनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग

घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। मुरैना पुलिस पूरे मामले की परिस्थितियों और जिम्मेदारी तय करने में जुटी है। वहीं, परिजनों का कहना है कि यदि निर्माण एजेंसी और ठेकेदार समय रहते सड़क किनारे पड़े पाइप को हटा देते या उचित सुरक्षा उपाय कर देते, तो उनकी चार वर्षीय बेटी की जान बच सकती थी। परिवार ने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही किसी और मासूम की जिंदगी न छीन सके।

Follow Navbharatlive whatsapp