खंडार में सियासी हलचल... पार्षद मानवेंद्र की तलाश में बैरवा समाज की 4 घंटे बैठक, जाम टला, धारा 163 लगाई - Sawai Madhopur News
नगर पालिका खंडार अध्यक्ष पद के चुनाव से एक दिन पहले खंडार में राजनीतिक सरगर्मी के साथ तनाव की स्थिति बनी रही। भाजपा से निर्वाचित पार्षद मानवेंद्र आकोदिया के कथित तौर पर संपर्क में नहीं होने को लेकर रविवार को बैरवा समाज के सैकडों लोग हंस वाटिका माताजी
.
भाजपा का खंडार प्रशासन को ज्ञापन, जिला मुख्यालय पर मतदान कराने की मांग : भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी रविवार को रैली निकालकर एसडीएम कार्यालय पहुंचकर खंडार प्रधान नरेंद्र चौधरी, गोविंदा शुक्ला, भाजपा मंडल अध्यक्ष महावीर गंडासिया और छाण भाजपा मंडल अध्यक्ष पुष्पेंद्र मित्तल के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देकर मतदान जिला मुख्यालय पर कराने की मांग की गई। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि मतदान को प्रभावित करने के लिए सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से प्रशासन को धमकियां दी जा रही हैं। ज्ञापन में यह भी दावा किया गया कि कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा के निर्वाचित पार्षदों को जबरन अपने पक्ष में मतदान कराने के लिए दबाव बनाने की जानकारी सोशल मीडिया और अन्य स्रोतों से सामने आ रही है। ज्ञापन में 2015 में पंचायत समिति खंडार में प्रधान के मतदान के दौरान हुई हिंसक घटना और फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत का भी उल्लेख किया गया है।
साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं कांग्रेस प्रत्याशी हंसराज बैरवा द्वारा भाजपा के निर्वाचित पार्षद मानवेंद्र आंकोदिया को लेकर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया गया। ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई कि नगर पालिका चेयरमैन का मतदान निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से जिला मुख्यालय पर कराया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को टाला जा सके। साथ ही कहा गया है कि यदि इसके बावजूद नगर पालिका खंडार मुख्यालय पर मतदान कराया जाता है और कोई अप्रिय घटना होती है, तो उसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी तथा प्रशासन अपने कर्तव्यों नियमानुसार सख्ती से निर्वहन करे।
नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव को देखते हुए प्रशासन ने कानून-व्यवस्था के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं।एसडीएम एवं उपखंड मजिस्ट्रेट सविता शर्मा के आदेश के अनुसार सोमवार सुबह 8 से रात 8 बजे तक पालिका कार्यालय के सामने के क्षेत्र में दुकानें, होटल और चाय-पान की दुकानें बंद रहेंगी। सवाई माधोपुर रोड पर रामेश्वर तिराहे से शुक्ला चौराहे तक दोनों ओर की दुकानें बंद रखने के निर्देश हैं। क्षेत्र में पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध रहेगा। हथियार, लाठी या डंडा लेकर घूमने पर भी रोक रहेगी।
बैरवा समाज की ओर से जाम की सूचना के बाद खंडार में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। आरएसी से भरी जवानों की 4 गाड़ियां, वज्र वाहन और चार से अधिक थाना-चौकी क्षेत्रों का जाब्ता तैनात किया गया। छाण और बहरावंडा खुर्द में भी पुलिस बल लगाया गया। 2 घंटे समझाइश... पिता बोले, बेटे से एक बार बात करा दो रविवार दोपहर करीब 12 बजे तहसीलदार पुष्कर सिंह, डीएसपी रामधन जाट और थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह सहित प्रशासन-पुलिस की टीम मंदिर परिसर में समझाइश के लिए पहुंची। हंसराज बैरवा ने अधिकारियों के सामने मांग रखी कि जब मानवेंद्र का वीडियो रिकॉर्ड कर वायरल किया जा सकता है तो कम से कम एक बार उससे फोन पर बात कराई जाए। उन्होंने कहा कि बेटे से बात हो जाए तो समाज की बैठक समाप्त कर देंगे। करीब दो घंटे तक समझाइश चलती रही। इसके बाद समाज के लोग तहसील कार्यालय पहुंचे और करीब 20 मिनट धरना दिया। यहां जाम लगाने की चेतावनी भी दी गई। बाद में हंसराज बैरवा ने स्वयं समाज के लोगों से जाम नहीं लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जाम लगाने से उनके बेटे को खतरा हो सकता है। इसके बाद लोग लौट गए।