Kitchen Vastu: इन 4 चीजों को फ्रिज के ऊपर रखना पड़ सकता है भारी, आज ही हटा दें
Kitchen Fridge Vastu: किचन हमारे घर का वह खास कोना है, जहां से पूरे परिवार की सेहत और किस्मत जुड़ी होती है. वास्तु शास्त्र के मुताबिक, रसोई में रखी हर चीज का हमारे जीवन पर सीधा असर पड़ता है. आज के समय में फ्रिज हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि फ्रिज को रखने का तरीका और इसके ऊपर रखी जाने वाली चीजें आपके घर की बरकत को प्रभावित कर सकती हैं?
अक्सर हम जगह बचाने के चक्कर में या बिना सोचे-समझे फ्रिज के ऊपर कुछ भी सामान रख देते हैं. आइए जानते हैं कि वास्तु के अनुसार फ्रिज के ऊपर क्या बिल्कुल नहीं रखना चाहिए और क्या रखना शुभ माना जाता है.
फ्रिज के ऊपर भूलकर भी न रखें ये 4 चीजें
दवाइयों का डिब्बा:
कई लोगों की आदत होती है कि दवाइयां आसानी से मिल जाएं, इसलिए वे उन्हें किचन या फ्रिज के ऊपर ही रख देते हैं. वास्तु के अनुसार यह बहुत गलत है. फ्रिज के ऊपर दवाइयां रखने से घर के लोगों की सेहत खराब होने लगती है, दवाइयों पर खर्च लगातार बढ़ने लगता है.
सम्बंधित ख़बरें
भारी सामान या इलेक्ट्रॉनिक चीजें:
कुछ लोग फ्रिज की खाली जगह देखकर उसके ऊपर माइक्रोवेव, मिक्सी या कोई अन्य भारी सामान रख देते हैं. वास्तु शास्त्र में इसे अशुभ माना गया है. भारी सामान रखने से घर में तनाव और मानसिक अशांति बढ़ती है, साथ ही फ्रिज की मशीन पर भी बुरा असर पड़ता है.
पुराने बिल और बेकार कागजात:
अक्सर बिजली के पुराने बिल, बच्चों के पुराने पेपर या पर्चियां फ्रिज के ऊपर रख दी जाती हैं. फालतू कागज और कबाड़ हमेशा नकारात्मक ऊर्जा (राहु) को बुलावा देते हैं. इससे घर में पैसे टिकते नहीं हैं और आर्थिक तंगी घेरने लगती है.
जूते-चप्पल या गंदा सामान:
किचन में माता अन्नपूर्णा का वास होता है, इसलिए इसकी पवित्रता बनाए रखना बहुत जरूरी है. कभी भी भूलकर भी फ्रिज के आसपास या उसके ऊपर जूते-चप्पल या कोई गंदी चीज न रखें. इससे मां लक्ष्मी नाराज होती हैं और घर से सुख-समृद्धि चली जाती है.
फ्रिज के ऊपर क्या रखना माना जाता है अच्छा?
तांबे या पीतल का कलश:
अगर आप फ्रिज के ऊपर कुछ रखना ही चाहते हैं, तो साफ-सुथरे तांबे या पीतल के लोटे में ताजा पानी भरकर रख सकते हैं. इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा आती है (बस इस बात का ध्यान रखें कि पानी को समय-समय पर बदलते रहें).
छोटा सा हरा-भरा पौधा:
आप फ्रिज के ऊपर एक छोटा और हल्का इंडोर प्लांट (जैसे मनी प्लांट) भी रख सकते हैं. हरा-भरा पौधा घर के माहौल को खुशनुमा और पॉजिटिव रखता है.
इन छोटी-छोटी बातों का भी रखें ध्यान
साफ-सफाई का खास ख्याल: फ्रिज के अंदर कभी भी सड़ा हुआ या बासी खाना लंबे समय तक न रखें. फ्रिज को हमेशा साफ-सुथरा रखें, क्योंकि गंदा फ्रिज घर में दरिद्रता लाता है.
सही दिशा: वास्तु के हिसाब से फ्रिज को हमेशा दक्षिण-पश्चिम या उत्तर-पश्चिम दिशा में रखना सबसे सही माना गया है.
---- समाप्त ----
