दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जहांगीरपुरी में 4 अवैध बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, 5 स्मार्टफोन जब्त - Haribhoomi
Delhi Police Arrest Bangladeshi: दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जहांगीरपुरी से 4बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ़्तार किया है, जिनके कब्जे से 5 स्मार्टफ़ोन ज़ब्त किए गए हैं।
दिल्ली पुलिस ने 4 अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है।
- Published: 11 Sep 2026, 05:01 PM IST
- Last Updated: 11 Sep 2026, 05:01 PM IST
Delhi Police Arrest Bangladeshi: दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि इस कार्रवाई को आज सुबह भलस्वा फ्लाईओवर के पास अंजाम दिया गया है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद संदिग्धों को रोक लिया गया, और पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले के पुलिस उपायुक्त के अनुसार पकड़े गए लोगों की पहचान सैकत उर्फ मेघा दास (35), मो. नूर मोहम्मद (21), नाज़िमुद्दीन उर्फ नेहा कक्कन (29) और मो. ज़ाहिद हसन उर्फ शिवांगी रॉय (23) के तौर पर हुई है। ये सभी बांग्लादेश के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं।
ट्रांसजेंडर के भेष में घूम रहे थे संदिग्ध
बताया जा रहा है कि पुलिस जब बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ने के लिए मौके पर पहुंची, तो ये लोग इलाके में ट्रांसजेंडर के भेष में घूम रहे थे।लंबी पूछताछ और जांच-पड़ताल के बाद यह पता चला कि वे बांग्लादेशी नागरिक हैं, और बिना किसी वैध यात्रा या पहचान डॉक्यूमेंट्स के भारत में अवैध रूप से रह रहे थे। हाल ही में वीजा शर्तों का उल्लंघन कर भारत में निर्धारित अवधि से अधिक समय तक रह रहे दो बांग्लादेशी नागरिक पकड़े गए थे।
भलस्वा फ्लाईओवर के पास छापेमारी
दिल्ली पुलिस के मुताबिक नॉर्थ-वेस्ट जिले का फॉरेनर सेल निगरानी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रहा था। टीम ने 7 सितंबर को सुबह-सुबह जहांगीरपुरी पुलिस स्टेशन इलाके में भलस्वा फ्लाईओवर के पास छापेमारी की। पुलिस का कहना है कि गुप्त सूचना के आधार टीम ने 4 संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान संदिग्ध कोई भी वैध यात्रा या पहचान दस्तावेज नहीं दिखा पाए।
5 स्मार्टफोन जब्त
डॉक्यूमेंट्स की डिटेल जांच, डिजिटल फुटप्रिंट और लगातार पूछताछ से यह पता चला कि वे बांग्लादेशी नागरिक थे जो भारत में गैर-कानूनी रूप से रह रहे थे। पुलिस ने जब संदिग्धों की तलाशी ली तो 5 स्मार्टफोन बरामद किए गए,
जिनमें प्रतिबंधित IMO ऐप इंस्टॉल था और फोन की गैलरी में बांग्लादेशी राष्ट्रीय पहचान दस्तावेज मौजूद थे। पकड़े गए बांग्लादेशी नागरिकों को फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) के सामने पेश किया गया,और तय प्रक्रिया के अनुसार उन्हें वापस भेजने (डिपोर्टेशन) की कार्रवाई शुरू की गई।