गजब! कॉफी पी, नहाया, लुंगी डांस किया और 4.71 लाख की बाइक ले उड़ा चोर... CCTV में कैद पूरी करतूत

Varanasi News: उत्तर प्रदेश में वाराणसी के मंडुआडीह थाना क्षेत्र स्थित एक ऑटोमोबाइल शोरूम में चोरी का बेहद अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. एक सिरफिरे चोर ने प्रीमियम बाइक एजेंसी के शीशे वाले दरवाजे को कटर से काटा और अंदर दाखिल हो गया. इसके बाद उसने करीब साढ़े चार घंटे तक शोरूम के अंदर जमकर मौज काटा. उसने वहां कॉफी पी, वॉशरूम में नहाया, म्यूजिक चलाकर बाइक के कवर की लुंगी बनाकर डांस किया और अंत में शोरूम मैनेजर की करीब 4.71 लाख रुपये मूल्य की ब्रांड न्यू KTM एडवेंचर 390 एस (KTM Adventure 390 S) बाइक लेकर रफूचक्कर हो गया. यह पूरी अजीबोगरीब वारदात सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है, जिसे देखकर पुलिस और शोरूम मालिक भी दंग रह गए.

​शोरूम के जनरल मैनेजर रोहित कुमार सिंह के मुताबिक, सोमवार रात करीब 10 बजे स्टाफ शोरूम बंद करके घर चला गया था. उनकी तीन महीने पुरानी केटीएम बाइक चाबी के साथ अंदर ही खड़ी थी. रात करीब 11:30 बजे हाथ में देवी माता की तस्वीर लिए सफेद शर्ट और जींस पहने एक युवक शोरूम के बाहर पहुंचा. बारिश शुरू होने पर उसने बाहर लगा बैनर फाड़कर ओढ़ा और कटर से कांच का दरवाजा काटना शुरू कर दिया. लगभग 36 मिनट की मशक्कत के बाद, रात 12:06 बजे वह एजेंसी के अंदर घुसने में कामयाब रहा.

शोरूम के अंदर किया लुंगी डांस

​अंदर पहुंचते ही चोर का अंदाज बिल्कुल किसी मालिक जैसा हो गया. उसने सबसे पहले रिसेप्शन पर रखा कंप्यूटर ऑन किया और रिवॉल्विंग चेयर पर बैठकर काफी देर तक गोल-गोल घूमता रहा. इसके बाद उसने मिनी फ्रिज से ठंडा पानी निकालकर पिया और फिर खुद के लिए मशीन से गरमा-गरम कॉफी बनाकर चुस्कियां लीं. हद तो तब हो गई जब वह बेफिक्र होकर शोरूम के वॉशरूम में गया और आराम से नहाया. नहाने के बाद उसने अपने गीले कपड़े बाइक पर सुखाने के लिए फैला दिए. इसके बाद उसने वहां रखी एक नई बाइक के कवर को फाड़कर लुंगी की तरह लपेटा, कंप्यूटर पर गाने बजाए और लंबे समय तक लुंगी डांस करता रहा.

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

​शोरूम से जाने से पहले शातिर चोर ने एजेंसी की ब्रांडेड टी-शर्ट और कैप पहनी, बाइक का एक नया कवर उठाया और सुबह करीब 4 बजे मैनेजर की कीमती केटीएम बाइक स्टार्ट कर हवा में गायब हो गया. सुबह जब सिक्योरिटी गार्ड ने टूटा हुआ कांच देखा और मैनेजर को सूचना दी, तब जाकर इस फिल्मी चोरी का खुलासा हुआ. घटना की सूचना मिलते ही मंडुआडीह थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है. मंडुआडीह थाना प्रभारी अजय वर्मा का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और फिंगरप्रिंट्स की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर बाइक बरामद कर ली जाएगी.

अमित कुमार सिंह

अमित कुमार सिंह

पिछले 15 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय, 2008 सितम्बर में नई दुनियां अख़बार दिल्ली से पत्रकारिता शुरू की. अप्रैल 2009 में ज़ी मीडिया जॉइन किया. दिसंबर 2018 तक ज़ी मीडिया में बतौर ब्यूरो चीफ बनारस रहा. जनवरी 2019 से जनतंत्र टीवी में गए और 2021 तक जिम्मेदारी निभाई. रोमिंग जर्नलिस्ट के तौर पर जनतंत्र टीवी के लिए स्पेशल करेस्पोंडेंट की हैसियत से दिल्ली, बिहार-झारखंड और लखनऊ में अपनी सेवाएं दीं. टीवी 9 यूपी का हिस्सा बनने से पहले न्यूज़ नेशन गोरखपुर में बतौर ब्यूरो चीफ़ की भूमिका में रहे. फिलहाल टीवी 9 यूपी (डिजिटल) के लिए बनारस से सेवाएं दे रहे हैं.

Read More

google button