14 QRT, 62 PRV तैनात, भारी वाहनों की नो एंट्री: डीएम-एसपी ने 3 घंटे की ब्रीफिंग, हर सोमवार विशेष ट्रैफिक प्लान - Lakhimpur-Kheri News

  • Hindi News
  • Local
  • Uttar pradesh
  • Lakhimpur kheri
  • Lakhimpur Kanwar Yatra Security Review | DM Anjani Kumar SP Khyati Garg

गोपाल गिरि | लखीमपुर-खीरी4 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

लखीमपुर में श्रावण मास में गोला गोकर्णनाथ धाम (छोटी काशी) पहुंचने वाले लाखों कांवड़ियों की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। शुक्रवार को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक पुलिस लाइन में ब्रीफिंग हुई।

जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को सतर्कता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

डीएम बोले- श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था का महापर्व है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित और सुगम यात्रा कर सके।

नौ प्रमुख मार्ग तय, हर सोमवार लागू रहेगा डायवर्जन

प्रशासन के अनुसार बहराइच, सीतापुर, लखनऊ, शाहजहांपुर, पीलीभीत, मैगलगंज सहित अन्य क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए नौ प्रमुख मार्ग निर्धारित किए गए हैं। कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए प्रत्येक सोमवार शनिवार सुबह 8 बजे से मंगलवार रात 8 बजे तक भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। इस दौरान प्रभावित मार्गों पर डायवर्जन लागू रहेगा और सामान्य यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए गए हैं।

14 क्विक रिस्पांस टीम और 62 पीआरवी रहेंगी तैनात

पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 14 क्विक रिस्पांस टीम (QRT) और यूपी-112 की 62 पीआरवी लगातार गश्त करेंगी। गोला गोकर्णनाथ मंदिर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कंटीजेंसी प्लान भी तैयार किया गया है।

जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर

प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। किसी भी आपात स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष 9454417444, यातायात कंट्रोल रूम 9454844045, मेला पुलिस कंट्रोल रूम 9415777125 तथा यूपी-112 पर संपर्क किया जा सकता है।

.