यूपी में 4 साल बाद TGT भर्ती का रिजल्ट जारी: 3539 पदों में 2134 अभ्यर्थियों का चयन, 1405 पदों का परिणाम रुका - Prayagraj (Allahabad) News

  • Hindi News
  • Local
  • Uttar pradesh
  • Prayagraj
  • UP TGT Teacher Recruitment Results Declared | Selection List & Updates

प्रमोद यादव। प्रयागराज2 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

उत्तर प्रदेश के एडेड माध्यमिक विद्यालयों में टीजीटी शिक्षकों की चार साल से अटकी भर्ती प्रक्रिया अब आगे बढ़ गई है। राज्य शिक्षा सेवा चयन आयोग ने रविवार को 15 में से 13 विषयों का अंतिम परिणाम जारी कर दिया। इसमें 2134 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। चयनित अभ्यर्थियों को प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक के पद पर तैनाती दी जाएगी।

हालांकि हिंदी, संस्कृत और अंग्रेजी के 1405 पदों का परिणाम फिलहाल जारी नहीं किया गया है। इन विषयों से जुड़ा मामला हाईकोर्ट में लंबित होने के कारण आयोग ने इनका परिणाम रोक दिया है। यह भर्ती जून 2022 में शुरू हुई थी और अलग-अलग कारणों से चार साल तक प्रक्रिया आगे बढ़ती रही। अब 13 विषयों में चयनित अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म हुआ है।

2022 में निकली थी 3539 पदों पर भर्ती

टीजीटी भर्ती का विज्ञापन संख्या 01/2022 नौ जून 2022 को जारी किया गया था। इसमें प्रदेश के सहायता प्राप्त अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों में प्रशिक्षित स्नातक शिक्षकों के 3539 पद शामिल किए गए थे।

भर्ती प्रक्रिया लंबे समय तक अलग-अलग कारणों से प्रभावित रही। आखिरकार लिखित परीक्षा तीन और चार जून को कराई गई। इसके बाद आयोग ने प्रदर्शन के आधार पर 7359 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया।

30 जून को लिखित परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद सफल अभ्यर्थियों को अभिलेख सत्यापन के लिए बुलाया गया।

सत्यापन के लिए पहुंचे 7146 अभ्यर्थी

चयन प्रक्रिया के अंतिम चरण में प्रयागराज स्थित आयोग कार्यालय में नौ से 17 जुलाई तक डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन कराया गया। कुल 7359 अभ्यर्थियों को इसके लिए बुलाया गया था।

इनमें से 7146 अभ्यर्थी सत्यापन के लिए पहुंचे, जबकि 213 अनुपस्थित रहे। निर्धारित और पुनर्निर्धारित तारीख पर भी नहीं पहुंचने वाले अभ्यर्थियों का अभ्यर्थन/चयन निरस्त कर दिया गया। इसके बाद आयोग ने संशोधित अंतिम चयन परिणाम जारी किया।

हिंदी-अंग्रेजी के सबसे ज्यादा पद

भर्ती में विषयवार पदों की संख्या भी अलग-अलग रही। हिंदी और अंग्रेजी के 557-557 पद थे। विज्ञान में 540 और गणित में 533 पद शामिल थे। सामाजिक विज्ञान के 383, संस्कृत के 291, गृह विज्ञान के 179 और शारीरिक शिक्षा के 170 पद थे। कुल 15 विषयों के 3539 पदों में से अभी 13 विषयों का परिणाम घोषित किया गया है।

एडेड इंटर कॉलेजों में होगी तैनाती

चयनित 2134 अभ्यर्थियों को प्रदेश के अलग-अलग अशासकीय सहायता प्राप्त इंटर कॉलेजों में टीजीटी शिक्षक के रूप में तैनाती मिलेगी। इससे इन विद्यालयों में लंबे समय से खाली चल रहे शिक्षक पदों को भरने में मदद मिलेगी।

वहीं हिंदी, संस्कृत और अंग्रेजी के 1405 पदों का परिणाम हाईकोर्ट में चल रहे मामले के निस्तारण के बाद जारी किया जाएगा।

एक सप्ताह तक देख सकेंगे अपने प्राप्तांक

आयोग ने अभ्यर्थियों को अपने प्राप्तांक देखने की सुविधा भी दी है। इसके लिए आयोग की वेबसाइट पर लिंक उपलब्ध कराया गया है। अभ्यर्थी अनुक्रमांक और जन्मतिथि दर्ज कर एक सप्ताह तक अपने अंक देख सकेंगे।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्राप्तांकों की जानकारी के लिए आरटीआई के तहत अलग से सूचना उपलब्ध नहीं कराई जाएगी।

.