कपड़ा व्यापारियों को दिया धोखा, हैदराबाद से मुख्य आरोपी गिरफ्तार: ट्रांजिट रिमांड पर इंदौर लेकर आई क्राइम ब्रांच, अकेले लिया था 40 लाख का माल - Indore News

कपड़ा व्यापारियों को दिया धोखा, हैदराबाद से मुख्य आरोपी गिरफ्तार:ट्रांजिट रिमांड पर इंदौर लेकर आई क्राइम ब्रांच, अकेले लिया था 40 लाख का माल

इंदौरत15 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

इंदौर के राजबाड़ा इलाके के कुछ रेडिमेड व्यापारियों के साथ हुई धोखाधड़ी के मामले में क्राइम ब्रांच ने हैदराबाद से मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया। ट्रांजिट रिमांड पर आरोपी को इंदौर लाए। अब उससे पूछताछ कर रहे हैं।

इंदौर क्राइम ब्रांच डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी ने कहा 26 मार्च 2025 को राजबाड़ा के रेडिमेड कपड़ा व्यापारी मुकेश जैन सहित 16 व्यापारियों ने पुलिस कमिश्नर ऑफिस में उनके साथ हुई ठगी की शिकायत की।

शिकायत में बताया दलाल अशोक गोपलानी व उसके साथी कार्तिक ने खुद को बाहर की प्रतिष्ठित व्यापारिक फर्मों से जुड़े होने का विश्वास दिलाया और इंदौर के व्यापारियों को मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरु, तेलंगाना और राजस्थान की विभिन्न फर्मों से व्यापार कराया और 30 से 45 दिनों में सभी पेमेंट का आश्वासन दिया।

राजेश कुमार त्रिपाठी, डीसीपी क्राइम ब्रांच इंदौर।

राजेश कुमार त्रिपाठी, डीसीपी क्राइम ब्रांच इंदौर।

विश्वास में आकर दिया 1.70 करोड़ का माल

दलालों के विश्वास में आकर व्यापारियों ने विभिन्न फर्मों को लगभग 1.70 करोड़ रुपए का रेडिमेड गारमेंट्स, ड्रेस मटेरियल व अन्य कपड़ा सामग्री उधार में भेजी। इनमें से हैदराबाद स्थित रॉयल क्रिएशन के संचालक मोहम्मद अकरम ने अकेले 40 लाख रुपए का माल लिया, लेकिन तय समय के बाद भी पेमेंट नहीं किया।

व्यापारियों ने तगादा किया तो वह और उसके साथी टालमटोल करने लगे, फिर मोबाइल बंद कर लिए। इंदौर के व्यापारी हैदराबाद में आरोपी के ठिकाने पहुंचे, पर कोई वैध व्यापारिक गतिविधि नहीं मिली और आरोपी फरार मिला।

क्राइम ब्रांच की जांच में सामने आया कि आरोपियों ने प्लानिंग से इंदौर के व्यापारियों का विश्वास जीतकर माल लिया और पेमेंट किए बिना फरार हो गए।

डॉक्यूमेंट्स की जांच, धोखाधड़ी का मामला

डीसीपी ने बताया व्यापारियों के बयान, बिल, टैक्स इनवॉइस, ई-वे बिल, ट्रांसपोट डॉक्यूमेंट्स, बैंक चेक व अन्य डॉक्यूमेंट्स की जांच की गई और धोखाधड़ी का केस दर्ज किया। मामले में आरोपियों की तलाश शुरू की और पूर्व में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। फरार आरोपी मोहम्मद अकरम की तलाश की जा रही थी।

क्राइम ब्रांच ने आरोपी को किया गिरफ्तार।

क्राइम ब्रांच ने आरोपी को किया गिरफ्तार।

स्पेशल टीम बनाई, हैदराबाद से किया गिरफ्तार

आरोपी मोहम्मद अकरम की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच ने स्पेशल टीम बनाई और हैदराबाद भेजा। टेक्निकल चीजें, मुखबिर की सूचना और साइबर शाखा से मिले इनपुट के आधार पर टीम को आरोपी की लोकेशन याकूतपुरा, चारमीनार (हैदराबाद) में चिन्हित की गई।

टीम ने लोकल पुलिस की मदद से आरोपी को उसके घर से ही गिरफ्तार किया और ट्रांजिट रिमांड पर लेकर इंदौर पहुंची। अब टीम उससे पूछताछ कर ओर भी डिटेल निकाल रही है।

.