बहादुरगढ़ में कूड़ा उठाने को लेकर टकराव: प्रशासन के जेसीबी लेकर पहुंचने पर सफाई कर्मचारियों ने किया हंगामा, 40 से ज्यादा हिरासत में - Haribhoomi
बहादुरगढ़ में पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए विरोध कर रहे 40 से अधिक महिला व पुरुष सफाई कर्मचारियों को हिरासत में लेकर 2 रोडवेज बसों से भेजा।
बहादुरगढ़ में कूड़ा उठाने को प्रशासन और सफाई कर्मचारियों के बीच दिखा टकराव।
- Published: 26 Aug 2026, 10:12 AM IST
- Last Updated: 26 Aug 2026, 10:12 AM IST
बहादुरगढ़ में कूड़ा उठाने को लेकर टकराव: सफाई कर्मचारियों की 20 दिन से जारी हड़ताल के बीच मंगलवार रात शहर में हालात तनावपूर्ण हो गए। शहर में जगह-जगह जमा कूड़े के ढेरों से परेशान लोगों को राहत देने के लिए प्रशासन ने जेसीबी और अन्य वाहनों की मदद से कूड़ा उठाने का अभियान शुरू किया तो सफाई कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर विरोध किया। इस दौरान कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी की और कई कर्मचारियों ने गिरफ्तारी दी।
#WATCH | Jhajjar: Police detained several sanitation workers after they staged a massive protest in Jhajjar to demand regularisation of services and a hike in minimum wages. pic.twitter.com/hB88SOgwe3
— ANI (@ANI) August 26, 2026
दरअसल, हड़ताल के कारण शहर के हालात खराब हैं। जहां देखो, वहां गन्दगी सड़ रही है। लोगों को गंदगी से निजात दिलाने के लिए मंगलवार की रात प्रशासन ने आवश्यक कदम उठाए।
जेसीबी लेकर कूड़ा उठाने के लिए पहंचा प्रशासन
रात करीब 8 बजे लाइनपार क्षेत्र में नाहरा-नाहरी रोड पर पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी के साथ दस्तक दी गई। कूड़ा उठाने की कार्रवाई शुरू हुई तो महिला और पुरुष सफाई कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर विरोध शुरू कर दिया। विरोध के दौरान कूड़े से भरे एक डंपर को सड़क किनारे खाली करवा दिया गया। इसके बाद प्रशासन ने सेक्टर-9 चौकी के पीछे और नाहरा-नाहरी रोड पुल के आसपास भी कूड़ा उठाने का प्रयास किया।
सफाई कर्मचारियों ने नारेबाजी कर किया विरोध
यहां भी सफाई कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए विरोध किया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए विरोध कर रहे कर्मचारियों को हिरासत में लिया। जानकारी के मुताबिक 40 से अधिक कर्मचारियों को 2 रोडवेज बसों में बैठाकर ले जाया गया।
इसके बाद भी प्रशासन की ओर से कूड़ा उठाने की कार्रवाई जारी रही, वहीं सफाई कर्मचारियों का विरोध भी लगातार चलता रहा। इस दौरान 3 ट्रैक्टर और 2 हाईवा वाहनों के टायरों में पंक्चर किए जाने की भी बात सामने आई है।
मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। बता दें कि सफाई कर्मचारियों की लंबी हड़ताल के कारण बहादुरगढ़ में जगह-जगह कूड़े के ढेर जमा हैं। गर्मी और उमस के बीच सड़ रहे कूड़े से दुर्गंध फैल रही है।
टकराव के बीच कर्मचारियों ने दी गिरफ्तारियां
लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन द्वारा कूड़ा उठाने की कोशिश और कर्मचारियों के विरोध के बीच अब गतिरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। उधर, ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसील दार प्रवीण कुमार ने कहा कि शहर में लगे गंदगी के ढेर साफ किए जा रहे हैं। इस दौरान कर्मचारियों ने विरोध किया। उनको काफी समझाने का प्रयास किया। काफी कर्मचारियों ने गिरफ्तारियां दी हैं। सफाई कार्य सुचारू रूप से जारी है।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।