प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर औरंगाबाद में जले आशीर्वाद के दीये: काटा केक,42 स्थानों पर दीपोत्सव, रामराज नगर में भगवान विश्वकर्मा की पूजा के बाद मनाया गया जन्मदिन - Aurangabad (Bihar) News
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को जिलेभर में भाजपा की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिले के 42 स्थानों पर आशीर्वाद के दीये जलाए गए। औरंगाबाद शहर के हृदयस्थली रमेश चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं
.
इसके अलावा समाहरणालय परिसर, महाराणा प्रताप चौक, सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज, देव के सूर्य मंदिर, गजना धाम परिसर और अंबा स्थित सात बहिनी मंदिर परिसर समेत जिले के अलग-अलग स्थानों पर दीप जलाए गए। इन कार्यक्रमों में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय लोगों ने भी हिस्सा लिया।

पीएम मोदी के जन्मदिन पर दीप जलाते भाजपा कार्यकर्ता।
17 सितंबर से 17अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
भाजपा कार्यकर्ताओं के अनुसार, प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर शुरू किया गया ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान सेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के तहत जिले में एक लाख दीप जलाने और पीजी कॉलेज में रक्तदान शिविर आयोजित करने की जानकारी दी गई।
‘जिसने जीवन संवारा, उसे आशीर्वाद हमारा’ के संदेश के साथ आयोजन
भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेंद्र चन्द्रवंशी ने कहा कि ‘जिसने जीवन संवारा, उसे आशीर्वाद हमारा’ का भाव उन लोगों से जुड़ा है, जिनके जीवन में सरकारी योजनाओं से बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि जिलेभर में आयोजित दीपोत्सव और सेवा कार्य पार्टी की भावना को दर्शाते हैं।
विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 साल जनसेवक के रूप में देश के स्वाभिमान को दुनिया में स्थापित करने में लगाए हैं। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों के घरों पर जलाए गए दीप उनके प्रति आभार व्यक्त करने का माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर सेवा से जुड़े कार्यक्रमों को पूरे एक महीने तक चलाया जाएगा। इसके तहत अलग-अलग क्षेत्रों में जनसेवा और सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

दीप जलाती महिला कार्यकर्ता।
रामराज नगर में भगवान विश्वकर्मा की पूजा के बाद काटा गया केक
शहर के रामराज नगर स्थित भाजपा नेता राजेश्वर सिंह के आवास पर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना से हुई। आरती के बाद प्रसाद का वितरण किया गया। इसके बाद केक काटकर प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाया गया। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के चित्र पर तिलक लगाया और केक खिलाकर उनके दीर्घायु होने की कामना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नेता अरविंद कुमार सिंह ने की। मुख्य अतिथि विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह और पूर्व जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार सिंह मौजूद रहे।
विधायक ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को ब्रह्मांड का शिल्पी माना जाता है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के विकास के शिल्पी के रूप में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के मजबूत होने की बात कही। राम मंदिर निर्माण और अनुच्छेद 370 से जुड़े फैसलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ने जिन मुद्दों को अपने शुरुआती दौर से उठाया था, उनमें कई पर प्रधानमंत्री के नेतृत्व में निर्णय लिए गए।
कार्यकर्ताओं के संघर्ष और त्याग को किया गया याद
विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने भाजपा कार्यकर्ताओं के संघर्ष और त्याग को भी याद किया। उन्होंने कहा कि कश्मीर के लाल चौक पर तिरंगा फहराने से लेकर अयोध्या में राम मंदिर आंदोलन तक कार्यकर्ताओं ने संघर्ष किया। उनके त्याग और समर्पण से संगठन मजबूत हुआ है।
पूर्व जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार सिंह ने कहा कि विश्वकर्मा समाज के लोगों के लिए सरकार की ओर से विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। कामगार और मजदूर वर्ग को उनके कार्य से संबंधित उपकरण खरीदने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
रामराज नगर के कार्यक्रम में अनिल गुप्ता, विनोद कुमार सिंह, अयोध्या सिंह, अविनाश कुमार सिंह, राहुल कुमार, सुनील सिंह, रामकेवल सिंह, अमर उजाला, राजपुरा मंडल अध्यक्ष विनोद शर्मा, विनोद सिंह, हरिओम समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिले के विभिन्न स्थानों पर हुए दीपोत्सव में भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।