बहन ने कर्ज लेकर दिलाया था पहला बैट, अब भारत के खिलाफ बनाए 420 रन, जानिए सोनल दिनुषा की कहानी

बहन ने कर्ज लेकर दिलाया था पहला बैट, अब भारत के खिलाफ बनाए 420 रन, जानिए सोनल दिनुषा की कहानी

सोनल दिनुषा के संघर्ष की कहानी. (फोटो- PTI)

Sonal Dinusha: भारत के खिलाफ कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच को अपनी जुझारू बल्लेबाजी से ड्रॉ कराने वाले 25 साल के श्रीलंकाई ऑलराउंडर सोनल दिनुषा क्रिकेट जगत में छा चुके हैं. जिस खिलाड़ी ने अकेले दम पर भारतीय टीम के मुंह से जीत छीन ली, उसके लिए क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपने परिवार को गरीबी और तंगहाली से बाहर निकालने का इकलौता जरिया रहा है. भारत के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में दिनुषा ने 140 की औसत से 420 रन बनाए, जिसमें तीन शतक शामिल रहे. करियर का सिर्फ 5वां टेस्ट खेल रहे इस बाएं हाथ के बल्लेबाज की सफलता के पीछे कड़ा संघर्ष और एक बहन का बड़ा त्याग छिपा है.

बहन ने पैसे उधार लेकर दिलाया था पहला क्रिकेट बैट

सोनल दिनुषा के बचपन के कोच आशान प्रियंजन ने हाल ही में पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में बताया कि दिनुषा शुरुआत में बास्केटबॉल में काफी रुचि रखते थे. स्कूल के कोच सुसंथा फेलिक्स डायस ने जब उन्हें खेलते देखा, तो उन्हें क्रिकेट टीम में शामिल कर लिया. उस वक्त उनके पास न बैट था और न ही कोई किट, परिवार भारी आर्थिक तंगी से जूझ रहा था. ऐसे में उनकी बड़ी बहन ने दूसरों से पैसे उधार लेकर दिनुषा को उनकी जिंदगी का पहला क्रिकेट बैट खरीदकर दिया था. आज दिनुषा अपने माता-पिता और भाई-बहनों के काफी करीब हैं और उनकी क्रिकेट से होने वाली कमाई ही अब पूरे परिवार का सहारा है.

सीरीज खत्म होते ही उठाया बड़ा कदम

कॉलेज के दिनों से ही दिनुषा की पहचान लंबी पारियां खेलने और नीचे बल्लेबाजों को स्ट्राइक से बचाकर मैच जिताने की रही है. कोलंबो में भी उन्होंने नुवांथा, जयसूर्या और कुमारा के साथ मिलकर यही कमाल दोहराया. ऐसे में भारत के खिलाफ थका देने वाली सीरीज खत्म होते ही कोच प्रियंजन ने उन्हें आराम करने की सलाह दी, लेकिन दिनुषा ने तुरंत नेट्स पर लौटने की जिद की क्योंकि उन्हें 31 अगस्त को क्लब के लिए मेजर लीग 50-ओवर मैच और फिर सितंबर के पहले हफ्ते में टी20 टूर्नामेंट खेलना है.

स्वीप शॉट्स से बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले दिनुषा ने अपने कोच को फोन कर कहा था कि भारत के पास बेहतरीन स्पिन अटैक है, इसलिए उन्हें खास तैयारी करनी होगी. जिसके लिए कोलंबो क्रिकेट क्लब में उन्होंने घंटों तक सिर्फ रिवर्स स्वीप का प्रैक्टिस की थी. इस तैयारी का असर मैदान पर दिखा, जहां उन्होंने रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार और सारांश जैन जैसे स्पिनरों के खिलाफ बेखौफ स्वीप लगाए. 420 रनों में से 173 रन उन्होंने सिर्फ स्वीप शॉट के जरिए बनाए और एक टेस्ट सीरीज में स्पिन के खिलाफ स्वीप से सबसे ज्यादा रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button