जैसलमेर में पहले दिन एक भी नामांकन नहीं: 45 वार्डों के लिए 200 फॉर्म गए; 24 घंटे चालू रहेगा कंट्रोल रूम - Jaisalmer News
जैसलमेर निकाय चुनाव 2026 के लिए गुरुवार को आवेदन प्रक्रिया शुरू होते ही उम्मीदवारों में उत्साह देखने को मिला। आवेदन प्रक्रिया के पहले ही दिन सुबह से दोपहर 3 बजे तक 220 से ज्यादा उम्मीदवारों ने फॉर्म लिए।
.
नगर परिषद जैसलमेर के 45 वार्डों के लिए पहले दिन 200 से अधिक फॉर्म लिए हैं। इसमें पहले दिन एक भी नामांकन फॉर्म जमा नहीं हुआ। शुक्रवार को रक्षाबंधन की छुट्टी होने के कारण अब शनिवार को फॉर्म जमा और नामांकन दाखिला दोनों बढ़ने की उम्मीद है।
SDM वीरेंद्र सिंह ने बताया- पहले दिन आवेदन को लेकर काफी उत्साह देखा गया है। प्रत्याशियों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं ताकि उन्हें नामांकन दाखिल करने में किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

आवेदन प्रक्रिया के पहले ही दिन सुबह से दोपहर 3 बजे तक 220 से अधिक आवेदन फॉर्म लोगों द्वारा लिए गए।
31 अगस्त है आखरी तारीख
प्रत्याशी 31 अगस्त तक सरकारी कार्य दिवसों में सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपना पर्चा जमा कर सकेंगे। इसके बाद 1 सितंबर को फॉर्मों की जांच की जाएगी, जबकि 3 सितंबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। उम्मीदवारों को 4 सितंबर को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए जाएंगे।
जैसलमेर नगर परिषद के 45 वार्डों के लिए 9 सितंबर को वोट डाले जाएंगे, वहीं पोकरण नगर पालिका के 25 वार्डों के लिए 11 सितंबर को मतदान होगा। दोनों स्थानों पर सुबह 7 से शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी। मतों की गिनती 14 सितंबर को की जाएगी।
मतदान के दिन रहेगा सार्वजनिक अवकाश
जिला निर्वाचन अधिकारी (कलेक्टर) अनुपमा जोरवाल के अनुसार, राज्य सरकार ने वोटिंग के दिन संबंधित क्षेत्रों में सार्वजनिक छुट्टी घोषित की है। इसके तहत जैसलमेर में 9 सितंबर (बुधवार) और पोकरण में 11 सितंबर (शुक्रवार) को सार्वजनिक अवकाश रहेगा, ताकि सभी लोग आराम से अपना वोट डाल सकें।

पहले दिन आवेदन पत्रों की बिक्री को लेकर काफी उत्साह देखा गया है।
24 घंटे कंट्रोल रूम चालू
चुनाव कराने के लिए प्रशासन ने 30 सेक्टर अधिकारी तैनात किए हैं। साथ ही चुनावी शिकायतों और सूचनाओं के लिए 24 घंटे चालू रहने वाला कंट्रोल रूम बनाया गया है। इसका फोन नंबर 02992-250082 है। जिला रोजगार अधिकारी जगदीश प्रसाद मीणा (9166768182) को कंट्रोल रूम का प्रभारी बनाया गया है।
चुनाव के दौरान रहेगा सूखा दिवस
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जैसलमेर में 7 सितंबर शाम 6 बजे से 9 सितंबर शाम 6 बजे तक और पोकरण में 9 सितंबर शाम 6 बजे से 11 सितंबर शाम 6 बजे तक शराब बिक्री पर पूरी तरह रोक (सूखा दिवस) रहेगी। इसके अलावा 14 सितंबर को गिनती वाले दिन भी पूरे जिले में सूखा दिवस रहेगा।