यूपी बार काउंसिल चुनाव में 4500 वोट का रिकॉर्ड: अनुराग पांडेय का कानपुर प्रेस क्लब में हुआ सम्मान, बोले- हमेशा अधिवक्ताओं के साथ रहूंगा - Kanpur News
कानपुर प्रेस क्लब में गुरुवार को उत्तर प्रदेश बार काउंसिल चुनाव में रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज करने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता अनुराग पांडेय का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में प्रेस क्लब पदाधिकारियों और शहर के अधिवक्ताओं ने उनका अभिनंदन करते हुए इस
.
वक्ताओं ने कहा कि अनुराग पांडेय ने उत्तर प्रदेश बार काउंसिल चुनाव में पूरे प्रदेश में सर्वाधिक 4500 प्रथम वरीयता के मत हासिल कर नया इतिहास रचा है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल अधिवक्ता समाज के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे कानपुर शहर के लिए गर्व की बात है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में उन्हें सबसे अधिक प्रथम वरीयता के मत मिले है।
प्रदेशभर के अधिवक्ताओं को दिया जीत का श्रेय
सम्मान समारोह में अनुराग पांडेय ने अपनी जीत का श्रेय प्रदेशभर के अधिवक्ताओं के विश्वास और समर्थन को दिया। उन्होंने कहा कि साल 1961 में एडवोकेट एक्ट लागू होने के बाद से अब तक किसी भी प्रत्याशी को बार काउंसिल चुनाव में प्रथम वरीयता के इतने अधिक मत नहीं मिले। उन्होंने बताया कि इससे पहले साल 2011 में 4100 वोटों का रिकॉर्ड बना था, जिसे इस बार 4500 मत प्राप्त कर उन्होंने पीछे छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश बार काउंसिल की 25 सीटों के लिए हुए चुनाव में यह जनसमर्थन अधिवक्ताओं के भरोसे का प्रतीक है।

कानपुर प्रेस क्लब में उत्तर प्रदेश बार काउंसिल चुनाव में रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज करने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता अनुराग पांडेय को सम्मानित किया गया।
अधिवक्ताओं पर कार्रवाई से पहले बार काउंसिल को कराएं अवगत
अनुराग पांडेय ने कहा कि वह प्रदेश के सभी अधिवक्ताओं के लिए 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे। किसी भी अधिवक्ता को कानूनी समस्या आने पर हरसंभव सहायता दी जाएगी। उन्होंने सरकार से भी आग्रह किया कि अगर किसी अधिवक्ता से जुड़ा कोई मामला सामने आता है तो उस पर कार्रवाई करने से पहले बार काउंसिल को अवगत कराया जाए, ताकि अधिवक्ताओं के अधिकारों और सम्मान की रक्षा हो सके। उन्होंने बताया कि साल 2017 में उन्हें कानपुर प्रेस क्लब का लीगल एडवाइजर नियुक्त किया गया था। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी उत्तर प्रदेश के पत्रकारों को किसी कानूनी सहायता की आवश्यकता होगी तो वह हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे।
सम्मान समारोह के दौरान अनुराग पांडेय ने आयोजन के लिए कानपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष सरस बाजपेई, महामंत्री शैलेश अवस्थी और पूरी कार्यकारिणी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में प्रेस क्लब के मंत्री शिवराज साहू, उपाध्यक्ष मोहित दुबे और गौरव सारस्वत, कोषाध्यक्ष सुनील साहू समेत कार्यकारिणी सदस्य और अधिवक्ता मौजूद रहे।